शिवपुरी जिले में सड़क एक्सीडेंट मे ससुर और भांजे की मौत, मरते हुए छोड़ गए वाहन चालक

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटों मे सड़क एक्सीडेंट मे 2 लोगों की मौत की खबर मिल रही हैं। देहात और पिछोर थाना क्षेत्रों में हुए इन भीषण सड़क हादसों में ससुर और मामा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दामाद और भांजा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। दोनों ही घटनाओं में टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

पहला हादसा,ससुर की मौत,दामाद घायल
पहला हृदयविदारक हादसा देहात थाना क्षेत्र के शिवपुरी-झांसी लिंक रोड पर मछली फार्म के पास शाम करीब 7 बजे हुआ। खरईभाट निवासी किशन वाल्मीकि अपने 45 वर्षीय ससुर बहादुर वाल्मीकि के साथ बलारी माता मंदिर में मत्था टेककर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बहादुर वाल्मीकि को मृत घोषित कर दिया। घायल दामाद किशन का उपचार जारी है।

भांजे के साथ लौट रहे मामा की रास्ते में थमी सांसें
दूसरी घटना पिछोर थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव के पास दोपहर में घटित हुई। नांद गांव निवासी 33 वर्षीय कल्याण सिंह लोधी अपने भांजे सतेंद्र के साथ मल्हावनी (अपने जीजा के गांव) से वापस लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल मामा-भांजे को पिछोर स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही कल्याण सिंह ने दम तोड़ दिया।