कोलारस के जैन परिवार की कार का विदिशा में एक्सीडेंट,दामाद की मौत-दुल्हन सहित 6 घायल

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में निवास करने वाले एक जैन की बेटी की शादी में एक बड़ा हादसा होने की खबर मिल रही है। बताया जा रहा है कि जैन परिवार अपनी बेटी की शादी करने के लिए विदिशा जिले के गंजबासौदा जा रहा था। रास्ते इस परिवार के मेहमानों की एक कार  का एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में जैन परिवार के दामाद की मौत हो गई वही परिवार के 6 सदस्य घायल हो गए है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए भोपाल अस्पताल रेफर किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कोलारस निवासी अनिल जैन अपनी बेटी साक्षी जैन की शादी के लिए चार अलग अलग वाहनों में सवार होकर विदिशा जिले के गंजबासौदा जा रहा था। रास्ते में नईसराय शाढ़ौरा रोड पर बरखेड़ा गांव के पास  कार की सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वाहन से सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में ब्यावरा निवासी वैभव उम्र 36 साल पुत्र बाबूलाल जैन की मौके पर ही मौत हो गई। वैभव रिश्ते में दुल्हन साक्षी के जीजा थे। इस दुर्घटना में वैभव की पत्नी पूजा भी घायल हुई है।

दुल्हन सहित तीन लोग भोपाल किए रेफर
घायलों में दुल्हन साक्षी जैन उम्र 26 साल व उनकी मां शीला बाई, प्रेम बाई, खुशबू जैन, डेढ़ साल की एक बच्ची और कार चालक सौरभ खटीक शामिल है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल अशोकनगर पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने दुल्हन साक्षी सहित दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया।

अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में ही जारी है। हादसे के बाद परिवार में बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद हादसे का कारण जानने के लिए पड़ताल शुरू कर दी है।