शिवपुरी। शिवपुरी की धरा पर आयोजित होने जा रहे ऐतिहासिक रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशाल स्वास्थ्य शिविर की समीक्षा की। सिंधिया ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल एक संसदीय क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे अंचल के लिए 'स्वास्थ्य का महाकुंभ' साबित होगा।
पांच संसदीय क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
समीक्षा बैठक के दौरान श्री सिंधिया ने निर्देश दिए कि ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के करैरा, पोहरी और गुना के साथ-साथ राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के चाचौड़ा और राधौगढ़ के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक इस मिशन का लाभ पहुँचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह महज एक शिविर नहीं, बल्कि आठ दिनों का सेवा पर्व है, जिसमें गरीब और जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कलेक्टर्स और मंत्रियों को समन्वय के निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने शिवपुरी, गुना और अशोकनगर के कलेक्टर्स और प्रभारी मंत्रियों को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों के आवागमन (परिवहन), उनके पंजीयन, पैथोलॉजी जांच और ऑपरेशनों की व्यवस्था में कोई चूक न हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से 'स्वभाव' के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि चिकित्सा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
बैठक में दिग्गजों की मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण डिजिटल बैठक में ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री गोविंद राजपूत, और प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला सहित तीनों जिलों के कलेक्टर शामिल हुए। साथ ही रोटरी मिशन के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, डॉ. प्रदीप पाराशर और श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के डॉ. अनूपराज चोपड़ा ने तैयारियों का खाका प्रस्तुत किया।