लुधावली के मनोज की बदरवास में मौत, 5 सेकंड में मौत बनकर आ गया ट्रक,पढ़िए कैसे

Adhiraj Awasthi

बदरवास। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के बदरवास थाना सीमा में एक ट्रक ने लुधावली मे रहने वाले युवक को कुचल दिया,जिससे उसकी मौत होने की खबर मिल रही है। एनएच-46 पर बूढ़ा डोंगर गांव के पास एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर लगते ही ड्राइवर मनोज भार्गव सड़क पर गिरा, और जैसे ही वह जमीन पर गिरा, पीछे से मौत बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे बेरहमी से कुचल दिया। अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर को संभलने का 5  सेकंड का भी मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद संभलने का भी नहीं मिला मौका
जानकारी के अनुसार, मृतक मनोज भार्गव पुत्र केशव भार्गव निवासी मझोला (गुना), शिवपुरी के लुधावली में रहकर ऑटो चलाता था। मंगलवार सुबह वह अपने चाचा लल्लू भार्गव के साथ गांव से लौट रहा था। सुबह 5 बजे बूढ़ा डोंगर के पास जैसे ही ऑटो का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से टकराया, मनोज उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरा। उसी पल पीछे से एक भारी ट्रक अंधाधुंध रफ्तार में आया और मनोज को रौंदते हुए निकल गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में मनोज ने पल भर में दम तोड़ दिया।

चाचा हुए घायल, पुलिस जांच में जुटी
ऑटो पलटने से उसमें सवार मनोज के चाचा लल्लू भार्गव भी घायल हुए हैं। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अब आसपास के ढाबों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस 'कातिल' ट्रक का सुराग लगाया जा सके।