ठाकुर बाबा की टीन शेड से रस्सी पर लटकता मिला फल वाला,ससुराल में रह रहा था - Shivpuri News

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह फल विक्रेता का शव फंदे पर लटका मिला। मीट मार्केट के पीछे स्थित ठाकुर बाबा के चबूतरे की टीन शेड पर शव लटका देख इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने टीन शेड पर एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। बाद में उसकी पहचान अशोक खटीक के रूप में हुई। वह मूल रूप से दमोह जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

दमोह का रहने वाला है अशोक
बताया गया है कि अशोक खटीक कई सालों से शिवपुरी में अपने ससुराल में रह रहा था और फल का हाथ ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करता था। परिजनों के अनुसार वह रविवार शाम तक घर पर था, लेकिन रात में घर से निकल गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला।

फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।