शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी शिवपुरी इलाके में इन दिनों नशे के कारोबारियों ने अपनी जड़ें इतनी गहरी जमा ली हैं कि उन्हें कानून का खौफ तक नहीं रहा। ताज़ा मामला अहीर मोहल्ला, खेड़ापति हनुमान मंदिर के पीछे का है, जहाँ सरेआम स्मैक बेची जा रही है। हैरानी की बात यह है कि सबूत के तौर पर वीडियो वायरल होने के बाद भी देहात थाना पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
विरोध करने पर साजिश का जाल
अहीर मोहल्ला निवासी अमन यादव और उनके भाई ने जब इस अवैध धंधे का विरोध किया, तो स्मैक तस्करों ने उन्हें ही निशाना बनाना शुरू कर दिया। अमन यादव के अनुसार, मोहल्ले के ही चार भाई-भरत यादव, ललित यादव, दिनेश यादव और प्राण यादव—लंबे समय से स्मैक की तस्करी में लिप्त हैं। बीते दिनों जब प्राण यादव का स्मैक बेचते हुए वीडियो वायरल हुआ, तो इन तस्करों ने अपना बदला लेने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।
फर्जी आईडी बनाकर किया जा रहा बदनाम
नशे के इन सौदागरों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर वीडियो वायरल करने वाले अमन यादव और उनके भाई को ही स्मैक तस्कर बताना शुरू कर दिया है। इस साइबर हमले और चरित्र हनन से परेशान होकर पीड़ित अमन यादव ने शिवपुरी पुलिस अधीक्षक SP को एक लिखित शिकायती आवेदन सौंपा है। आवेदन में मांग की गई है कि फर्जी आईडी चलाने वालों को ट्रेस किया जाए और नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
बढ़ती चोरियों से मोहल्ले में दहशत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्मैक की बिक्री के कारण इलाके में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे की लत पूरी करने के लिए ये असामाजिक तत्व आए दिन छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। मोहल्ले में घरों से टिल्लू पंप और गाड़ियों की बैटरियां चोरी होना आम बात हो गई है। लोगों का आरोप है कि देहात थाना पुलिस को कई बार सूचित किया गया, लेकिन टीआई द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं।
एसपी ने दिया आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित युवक को आश्वासन दिया है कि सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाले नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।