Shivpuri News, बंटवारे की आग में जल उठा मकान, मां के उकसाने पर नाबालिग बेटे ने फूंका घर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के देहात थाना सीमा में स्थित झांसी तिराहा क्षेत्र में एक पुश्तैनी मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को भीषण आगजनी में बदल गया। आरोप है कि एक विधवा महिला ने अपने नाबालिग बेटे को उकसाकर अपने ही जेठ के मकान में आग लगवा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

तीन दिन से जारी था विवाद और मारपीट
जानकारी के अनुसार, मुकेश झा और उनके स्वर्गीय भाई अशोक झा के परिवार के बीच पिछले तीन दिनों से मकान के हिस्से को लेकर तनाव चल रहा था। यह पुश्तैनी मकान उनके स्वर्गीय पिता पुरुषोत्तम झा के नाम पर दर्ज है। मुकेश झा का आरोप है कि उनके छोटे भाई की पत्नी बबीता झा मकान का बंटवारा चाहती है और इसी बात को लेकर वह लगातार विवाद कर रही है। तीन दिन पहले विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद पुलिस ने क्रॉस एफआईआर भी दर्ज की थी।

पुलिस कार्रवाई के दौरान ही रची गई साजिश
हैरानी की बात यह है कि सोमवार सुबह भी बबीता के बेटे ने झगड़ा किया था, जिस पर पुलिस ने उसके खिलाफ शांति भंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की थी। जब एसडीएम कार्यालय में इस मामले की वैधानिक प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे बबीता और उसके नाबालिग बेटे ने घर के स्टोर रूम में आग लगा दी और कमरा बंद कर वहां से फरार हो गए।

धुआं उठते ही मचा हड़कंप
आग की लपटें और धुआं उठते देख मुकेश झा की पत्नी ने शोर मचाया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। समय रहते दमकल कर्मियों के पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया, अन्यथा पूरे मकान में भारी नुकसान हो सकता था।

पुलिस की जांच जारी
मुकेश झा की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आग जानबूझकर लगाई गई या यह किसी अन्य घटना का परिणाम है। फिलहाल, क्षेत्र में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है कि कैसे संपत्ति के लालच में एक परिवार ने अपनों के ही घर को आग के हवाले कर दिया।