कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के तेंदुआ थाना सीमा में आने वाले दरगवां गांव में निवास करने वाले किसान को ऑनलाइन थ्रेसर खरीदना महंगा पड़ा गया। ऑनलाइन थ्रेसर बेचने वालों ने किसान को दो लाख दस हजार रुपये का चूना लगा दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम दरगवां निवासी रवि जाटव पुत्र विजय जाटव उम्र 21 साल ने 3 दिसंबर 2025 को इंटरनेट मीडिया के फेसबुक प्लेटफार्म पर बाबूलाल एग्रो थ्रेसर मनोहरपुर जयपुर राजस्थान का एक विज्ञापन देखा था।
जब उसने विज्ञापन पर अंकित मोबाइल नंबर से संपर्क किया तो काल रिसीवर ने अटेंड किया और दो लाख दस हजार रुपये में थ्रेशर बेचना बताया। आरोपित ने किसान रवि को बताया कि वह उनका थ्रेसर उनके पते पर भेज देंगे। आरोपी ने एसबीआई बैंक का एक खाता नंबर रवि जाटव को उपलब्ध करवाया जो किसी प्रीति के नाम पर था। इसके अलावा उसके द्वारा क्यूआर कोड भेजा गया जिस पर एडवांस के रूप में 20 हजार रुपये भेजने के लिये कहा गया।
किसान रवि जाटव ने संदीप जाटव के मोबाइल से पैसे भेजे गए क्यूआर कोड पर 30 दिसंबर 2025 को 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने रवि जाटव के मोबाइल नंबर पर एक बिल भेजा, उक्त बिल भेजने के बाद रवि से कहा कि अगर तुम शेष पैसे भेजोगे तब जाकर थ्रेसर उनके पास भेजा जाएगा।। रवि जाटव ने विभिन्न किश्तों में थ्रेसर विक्रेता को एक लाख 90 हजार रुपये। का भुगतान कर दिया।
जैसे ही ठग के पास 2 लाख 10 हजार रुपये का भुगतान पहुंचा तो उसने किसान का फोन उठाना ही बंद कर दिया। किसान के अनुसार जब सामने वाले ठग ने फोन उठाना बंद कर दिया तब उसे अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है। उसने थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर। पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ प्रकरण कायम कर जांच शुरु कर दी है।