shivpuri,धूप निकलने से दिन हुए गर्म,पछुआ हवाओं के कारण रात का गिरा पारा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखा गया। अब दो दिनों से आसमान साफ है। इस कारण दिन के तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। पछुआ जेट स्ट्रीम हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी शहर का शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस था। यानी चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री ऊपर चला गया है। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री नीचे आ गया है।

आसमान साफ होने से शनिवार को दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का एहसास हुआ। रात के तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ गई है। उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्व में 240 किमी प्रति घंटे की गति से उपोष्ण पछुआ जेट स्ट्रीम हवाएं बहने से रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शिवपुरी जिले में अगले चौबीस घंटे में मौसम शुष्क रहेगा।