शिवपुरी,RTI से जानकारी मांगी तो सचिव ने किया विवाहिता के घर में घुसकर बलात्कार का प्रयास

Adhiraj Awasthi

दिनारा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना सीमा में निवास करने वाली एक विवाहिता को पंचायत सचिव और उसके साथियों ने घर में घुसकर छेडछाड कर दी। बताया जा रहा है कि विवाहिता के पति ने आरोपी सचिव की पंचायत में सूचना का अधिकार के तहत जानकारी मांगी थी,जानकारी तो दी नहीं बल्कि अपने दो साथियों के साथ मिलकर आवेदक की  पत्नी की अस्मत से खिलवाड़ करने की कोशिश की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सचिव और उसके सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिनारा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत थनरा के पंचायत सचिव ने पति से मिलने के बहाने घर में घुसकर एक महिला से छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित पंचायत सचिव व उसके दो साथियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार दिनारा निवासी एक युवक ने ग्राम पंचायत थनरा में सूचना के अधिकार के तहत आवेदन लगाकर पंचायत सचिव विशाल यादव से कोई जानकारी मांगी थी। पंचायत सचिव द्वारा उक्त जानकारी तो युवक को उपलब्ध नहीं करवाई गई, बल्कि 6 फरवरी को पंचायत सचिव अपने दो साथी नीलू यादव व छोटू यादव को साथ लेकर शाम करीब 4:00 बजे उसके घर पहुंच गया।

घर में आरटीआई लगाने वाले युवक की पत्नी अकेली थी। विशाल यादव ने पहले तो महिला से उसके पति के बारे में पूछा, जिस पर महिला ने पंचायत सचिव को बताया कि  उसका पति झांसी गया है, वह जब लौट आए तो उनसे मिल लें। इस पर पंचायत सचिव व उसके दोनों साथी घर में घुस गए और महिला को अकेली देखकर बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ कर  उसे अपनी ओर खींच लिया।

महिला के चीखने चिल्लाने पर उसके सास-ससुर आ गए, जिन्हें देखकर तीनों आरोपित भाग गए। मामले की शिकायत पीड़िता ने दिनारा थाने पहुंचकर दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपित पंचायत  सचिव विशाल यादव सहित उसके  साथी नीलू यादव व छोटू यादव के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है।