Shivpuri News, वकील के हत्यारों और पुलिस के बीच फायरिंग, शूटर के पैर में लगी गोली

Adhiraj Awasthi

कौशल भार्गव @ शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करैरा न्यायालय मे वकालत करने वाले एडवोकेट संजय कुमार सक्सैना की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एडवोकेट को लगातार एक जमीन के केस न लड़ने की धमकी दी जा रही थी,पुलिस से समझौता कराने का प्रयास भी किया था। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं,पुलिस और आरोपियों के बीच फायरिंग भी हुई थी इसमें एक बदमाश के पैर में 2 गोली भी लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।

जैसा कि विदित है कि करैरा में निवास करने वाले वकील संजय कुमार सक्सेना की शनिवार की सुबह अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वकील प्रतिदिन के तरह घरयाली मोहल्ले से कोर्ट के लिए सीधा कच्चा शॉर्ट कट रास्ता है इसी रास्ते का कोर्ट जाने के लिए उपयोग करते थे।

बाजार होकर 6 किमी की बजाय दूसरे शॉर्टकट से 2 से 3 किमी में कोर्ट पहुंच जाते थे। इसी का फायदा बदमाश ने उठाया और गोली मारकर हत्या कर दी। रील बनाने वाली लड़की को वकील सड़क पर पड़े मिले और बात छोटे भाई तक पहुंची। उसके बाद वकील की हत्या का पता चला। बताया जा रहा है कि शॉर्ट पीएम में गोली पीछे से मारी है। नजदीक से गोली मारने से गोली सीने से बाहर निकल गई।

करैरा पुलिस ने मृतक के छोटे भाई कुलदीप की फरियाद पर संदेहियों के खिलाफ हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। कुलदीप का कहना है कि बड़े भाई एडवोकेट संजय सिंघदौआ गांव के कमलेश शर्मा के खिलाफ, मिठुआ जाटव की जमीन का केस लड़ रहे थे। इस पर कमलेश शर्मा व उसके चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनका साथी आशीष परिहार रंजिश मान गए थे। यह सभी लगातार धमकी दे रहे थे कि केस को छोड़ दो। वरना इस केस का जो होगा वह देखा जाएगा। वकील साहब तुम नहीं बचोगे। इस केस के शुरू होने पर कमलेश आदि ने हमारी हनुमान मंदिर के सामने सिंघदौआ की जमीन पर आशीष खंगार के साथ मिलकर अवैध कब्जा किया था, उसमें मूंगफली की फसल उखाड़ते समय भी नीरज, कमलेश, सुनील आदि ने गांव में झगडा किया था।

हत्या के संदेहियों के खिलाफ चुनाव लड़ चुके थे वकील संजय कुमार
दिनारा थाना की धनरा चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंघदौआ में पिछली बार (इस पंचवर्षीय से पहले) पंचायत चुनाव हुआ था। जिन लोगों पर हत्या का संदेह है, उन लोगों के विरोध में वकील संजय कुमार चुनाव भी लड़े थे। बताया जा रहा है कि वकील संजय चुनाव हार गए थे। उसके बाद वकील ने गांव के जमीनी केस में क्कालत की, इसी के चलते रंजिश और बढ़ती गई।

करैरा में वकील की हत्या को लेकर अपराध पंजीबद्ध कर छानबीन शुरू कर दी है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रु. का इनाम घोषित किया था। इस हाई प्रेशर हत्याकांड में पुलिस पर प्रेशर था।पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थी। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। रविवार सुबह चिरली तिराहा के पास आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली। गिरफ्तारी के दौरान सुबह-सुबह एक शूटर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। शूटर ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शूटर के पैर में 2 गोलियां लगी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पुलिस ने शूटर पपेंद्र रावत को गिरफ्तार किया। घटना करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास की है।  गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत उम्र 25 साल, डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत उम्र 23 साल और बड़ौनी के घुघसी निवासी जहीर मुसलमान उम्र 24 साल शामिल हैं। आरोपियों ने शनिवार को दिनदहाड़े वकील को गोली मारी थी। इस दौरान पुलिस टीम वहां पहुंची, तो आरोपी पपेंद्र रावत ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पपेंद्र के पैर में 2 गोलियां लगीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

शिवपुरी SP ने बताया कि हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीनी विवादों के मामलों में पैरवी करने और मुकदमे जीतने के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने पहले ही जमीनी रंजिश और चुनावी विवाद को हत्या का कारण बताया था,वकील की हत्या के लिए शूटर को सुपारी दी गई थी।