Shivpuri News, अधिवक्ता हत्याकांड, मुख्य आरोपी पुलिस ने दबोचा, इधर वकील दूसरे दिन भी रहे हड़ताल पर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। 14 फरवरी 2024 को वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झांसी से 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी सचिन रावत को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है कि वकील की जान लेने के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। सचिन ने इसमें से 1.20 लाख रुपये खुद रखे और 80 हजार रुपये तीन शूटरों (पपेंद्र, राजकुमार और जहीर) को बाँट दिए थे। इस मामले में मुख्य आरोपी सुनील शर्मा और उसका भतीजा पहले ही सलाखों के पीछे हैं।

हड़ताल और सुरक्षा की मांग
इधर, इस हत्याकांड के विरोध में करैरा के अधिवक्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन न्यायालयीन कार्य पूरी तरह ठप रहा। अभिभाषक संघ ने एसडीएम को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है, जिसमें 'एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' लागू करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग प्रमुख है। हालांकि जिला जज ने खुद करैरा पहुंचकर अधिवक्ताओं से चर्चा की, लेकिन वकीलों ने दो टूक कह दिया है कि मांगें पूरी होने तक वे 20 फरवरी तक हड़ताल पर रहेंगे।

बिखर गया परिवार, सुरक्षा के साये में जीने को मजबूर
मृतक अधिवक्ता के भाई कुलदीप सक्सेना ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि संजय ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद 22 साल के बेटे और 24 साल की बेटी की पढ़ाई अधर में लटक गई है। कुलदीप ने बताया कि प्रशासन ने घर पर गार्ड तो तैनात किया है, लेकिन खेती और बाहर निकलने में अभी भी डर का माहौल है। उन्होंने मांग की है कि यह सुरक्षा ट्रायल खत्म होने तक जारी रहनी चाहिए।