Shivpuri News, 4 दिन बाद भी रंजीत की लाश लापता, अब तालाब के पानी को निकाला जाएगा

Adhiraj Awasthi

पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में श्योपुर हाईवे किनारे स्थित नवनिर्मित तालाब में बीते 18 फरवरी को डूबे रंजीत धानुक की लाश सेन्चुरी के तालाब से रिकवरी नहीं हो सकी है,लाश के रिकवरी नही होने के कारण बीते रोज परिजन सहित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था। आज रंजीत को पानी समाए हुए भी एक सैकड़ा से अधिक घंटे हो चुके है लेकिन प्रशासन उसकी लाश को तलाश नही कर सका है। अब बताया जा रहा है कि रंजीत की लाश को रिकवर करने के लिए तालाब के पानी को निकाला जा रहा है।

जैसा कि विदित है कि बीते 18 फरवरी को पोहरी के किला निवासी रंजीव धानुक पुत्र अपने पड़ोस में रहने वाले एक छोटे बच्चे कान्हा के साथ हाईवे किनारे स्थित नवनिर्मित तालाब पर गया था। प्रत्यक्षदर्शी बच्चे कान्हा ने बताया कि रंजीत नहाने के लिए तालाब में उतरा था। वह तैरते हुए आधा तालाब पार भी कर चुका था, लेकिन तभी अचानक बीच गहरे पानी में वह संघर्ष करने लगा और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। मासूम बच्चे ने तुरंत भागकर रंजीत के परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दी।

मौके पर पहुँचा प्रशासन और रेस्क्यू टीम
हादसे की खबर मिलते ही रंजीत के परिजन और पोहरी थाना पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुँचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर-शिवपुरी से SDERF की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों की टीम ने मोटर बोट और लाइफ जैकेट्स के साथ तालाब में उतरकर करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया था।

बीते 20 फरवरी की दोपहर तक जब रंजीत लाश रिकवर नहीं हो सकी इस कारण परिजन आक्रोशित हो और परिजनों और ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। ग्रामीणों का सीधा आरोप था कि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लापरवाही बरत रहा है और गोताखोरों की व्यवस्था समय पर नहीं की गई।

घंटों लगा रहा जाम,राहगीर परेशान
चक्का जाम के चलते पोहरी मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बस, ट्रक और निजी वाहनों में सवार यात्रियों को भीषण गर्मी और धूप में घंटों इंतज़ार करना पड़ा। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक युवक का शव नहीं मिल जाता और प्रशासन ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं देता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं। अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को शांत करने का प्रयास करते हुए आश्वासन दिया है कि रेस्क्यू टीम और गोताखोरों को तत्काल प्रभाव से काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे।

आज भी प्रशासन की टीम रंजीत की तालाब में समाई लाश को तलाश करने में नाकाम रहा है,आज पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह भी घटनास्थल पर पहुंचे थे और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। 4 दिन निकल जाने के बाद भी जब रंजीत की लाश तालाब से रिकवर नहीं हुई तो अब बताया जा रहा है कि तालाब में मोटर लगाकर तालाब को खाली किया जाएगा।