Shivpuri News,नारायण की लाश तालाब में तैरती मिली, कपडे तालाब के किनारे मिले

Adhiraj Awasthi

करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम नारही में मंगलवार की दोपहर एक 34 वर्षीय युवक की तालाब में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने युवक की लाश को रिकवरी पीएम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नारही निवासी नारायण पाल (34 वर्ष), पुत्र विजयराम पाल, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर से पास ही स्थित तालाब पर नहाने के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, नारायण ने तालाब के किनारे अपने कपड़े उतारे और पानी में प्रवेश किया।

जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नारायण पानी से बाहर नहीं आए, तो आसपास मौजूद लोगों को चिंता हुई। तलाश करने पर नारायण का शव तालाब के पानी में उतराता हुआ पाया गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना उनके परिवार को दी।

पुलिस की कार्रवाई और पंचनामा
घटना की सूचना मिलते ही अमोला थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। मौके पर ही पुलिस ने प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
अमोला थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों और समय का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।