मास्टर चाबी से दुकान के ताले खोलते पकड़े गये चोर, 1 आरोपी गिरफ्तार-2 फरार

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरिया गांव में बीते गुरुवार की रात्रि में ग्रामीणों ने चोरी के प्रयास के दौरान एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा हैं, वहीं तत्काल ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया,पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया,जबकि उसके दो साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये।

जानकारी के अनुसार ग्राम टोरिया थाना इंदार में बीते गुरुवार को तीन युवक बाइक से गांव पहुंचे थे। उन्होंने आकाश यादव की दुकान के ताले मास्टर चाबियों से खोलने का प्रयास किया। ताले नहीं खुलने पर आरोपियों ने लोहे की चद्दर काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। दुकान के समीप रहने वाले एक पड़ोसी को संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं।

उसने तुरंत दुकान मालिक और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दो आरोपी बाइक से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। तलाशी के दौरान उसके पास से ताले खोलने वाली दर्जनों चाबियां बरामद हुईं। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मुकेश आदिवासी निवासी चंदेरी थाना क्षेत्र बताया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।