शिवपुरी में सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: मंत्री और डिप्टी CM का पुतला फूंका

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। मध्य प्रदेश विधानसभा के भीतर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ सत्ता पक्ष के मंत्रियों द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी और जनहित के मुद्दों को लेकर आज शिवपुरी जिले में कांग्रेस का भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर आज जिला मुख्यालय के माधव चौक और खनियाधाना बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और मंत्री विजय शाह के पुतले फूंक कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

शिवपुरी मुख्यालय पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माधव चौक पर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधानसभा सदन के भीतर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, जो लोकतंत्र का अपमान है।

वहीं, खनियाधाना के बस स्टैंड पर भी प्रदर्शनकारियों का गुस्सा फूटा। यहाँ न केवल विधानसभा की घटना, बल्कि इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों, कफ सिरप कांड और सेना के सम्मान जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को घेरा गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि नेता प्रतिपक्ष के साथ हुई अभद्रता के लिए दोषी माफी मांगें और जनहित की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने विपक्ष के सम्मान और जनता की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो यह आंदोलन ब्लॉक स्तर से बढ़कर पूरे प्रदेश में और उग्र रूप धारण करेगा।