शिवपुरी,आनलाइन बिजनेस बढाने के टिप्स के लालच में फसा विवेक, डूब गए 4 लाख

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर अपराधी अब वर्क फ्रॉम होम और आसान बिजनेस टिप्स को ढाल बनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ शक्ति कॉलोनी (गूजर ताल) के निवासी विवेक कुमार जैन से ऑनलाइन टास्क के नाम पर 4,32,733 रुपये की बड़ी ठगी की गई है।

विश्वास जीतने के लिए फेंका मुनाफे का चारा
ठगी की शुरुआत 21 जनवरी 2026 को हुई, जब विवेक को "Suntec Pvt Ltd- Simple Tasks Income" नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। अपराधियों ने उन्हें टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन बिजनेस बढ़ाने और छोटे टास्क पूरे कर मोटी कमाई का लालच दिया।

शुरुआत में विवेक का भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने उन्हें 1430 और 4690 रुपये का भुगतान किया। उनके बैंक खाते में जब असली पैसे आए, तो उन्हें लगा कि यह एक सुरक्षित व्यवसाय है। यही वह 'हनी ट्रैप' था जिसमें विवेक फंस गए।

लाखों रुपये ऐंठने के बाद भी नहीं भरा पेट
एक बार विश्वास जम जाने के बाद, स्कैमर्स ने पैंतरा बदला। उन्होंने नए टास्क देने के बदले पैसे जमा कराने की शर्त रखी। मुनाफे के लालच में विवेक ने 21 और 22 जनवरी के बीच अलग-अलग किश्तों में (5800 से लेकर 2 लाख रुपये तक) कुल 4.32 लाख रुपये मुंबई स्थित आईसीआईसीआई और कोटक महिंद्रा बैंक के खातों में ट्रांसफर कर दिए।

धमकी और दबाव का सिलसिला
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम हड़पने के बाद भी ठगों का मन नहीं भरा। जब विवेक ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन पर 3 लाख रुपये और जमा करने का दबाव बनाया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। फिलहाल फिजिकल थाना पुलिस ने अज्ञात नंबरों और बैंक खाता धारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है।