Shivpuri News : स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 8 दिन बाद दोबारा होगी समीक्षा: कलेक्टर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिला कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में गत दिवस जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं की कड़ाई से समीक्षा की गई, जिसके बाद कलेक्टर ने विभागीय उपलब्धियों की जांच के लिए केवल 8 दिन का समय दिया है।

आंकड़ों में अंतर और लापरवाही पर सख्त तेवर कलेक्टर श्री चौधरी ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन आंकड़ों में स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास विभाग के बीच पाए गए अंतर पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे आपसी समन्वय से तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। विशेष रूप से बदरवास क्षेत्र में एएनसी पंजीयन की धीमी प्रगति पाए जाने पर वहां के बीसीएम और सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए हैं।

दवाओं की उपलब्धता और पोषण पर जोर बैठक में आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर दवाओं की कमी का मुद्दा भी उठा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि दो दिनों के भीतर दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, एनआरसी में कुपोषित बच्चों की शत-प्रतिशत भर्ती और गर्भवती महिलाओं को समय पर पोषण आहार वितरण करने पर विशेष जोर दिया गया।

एनीमिया और टीबी प्रबंधन में सुधार के निर्देश मध्यम एवं गंभीर एनीमिया के प्रबंधन हेतु एफसीएम इंजेक्शन की कम उपलब्धता पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने टीबी रोगियों की एक्स-रे जांच में वृद्धि करने और खनियाधाना विकासखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।

बैठक में उपस्थित अधिकारी समीक्षा बैठक में सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर, जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र जादौन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता पाल सहित सभी ब्लॉकों के बीएमओ, सीडीपीओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि 8 दिन बाद होने वाली पुनः समीक्षा में सुधार न दिखने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।