Shivpuri में आर्थिक तंगी से जूझ रही नपा ने शुरू किया तालाबंदी, 26 दुकाने लॉक

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है। एक ओर जहां शहर की जनता नगर पालिका से बेहतर सड़कों, साफ-सफाई और आधुनिक विकास कार्यों की उम्मीद करती है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के राजस्व का मुख्य स्रोत-टैक्स और दुकानों का किराया-वसूली के अभाव में दबा पड़ा है। इसी आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाते हुए बकायादारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और 26 दुकानों पर ताला जड़ दिया।

जानकारी के अनुसार बीते रोज बुधवार को दोपहर नगर पालिका के एआरआई गजेन्द्र जैन और अतिक्रमण प्रभारी खरे सहित नगर पालिका का अमला पोहरी बस स्टैंड की दुकानों से किराया वसूली के लिए पहुंचा था। पोहरी बस स्टेंड पर नगर पालिका की लगभग 90 दुकाने है।

बताया जा रहा है पोहरी बस स्टैंड की दुकान में दुकानदार गजेंद्र सिंह पर 49,576 रुपए, रेखा जैन 97,153, पार्वती आदिवासी 1,38,018, अभिषेक पाल 1,75,170, गजेंद्र सिंह 1,96,675, सुनीता 1,22,527, फूली 1,22,527, प्रेमा सिंह 84,815, घनश्याम जैन 1,01,640, असलम 1,76,478, सुरेश चंद्र 1,31,346, मुकेश सिंह 96,564, वीरेन्द्र धाकड़ 82,738, भीकम जैन 43,454, कपिल मौर्य 1,22,527, प्रियंका मौर्य 1,22,527, शिवानी शर्मा 1,22,527,विष्णु कुमार अग्रवाल 49,803, लाल सिंह1,10,587, अंजनी शर्मा 1,07,233, मुन्नी देवी जैन 1,54,110, कन्हैया लाल कोली 59,686 रुपए का  किराया बाकी था। नगर पालिका ने किराए की मांग की तो उक्त दुकानदार ने तत्काल किराया जमा कराने में असमर्थता जाहिर की। इस कारण नगर पालिका के अमले ने इन 28 दुकानो मे तालाबंदी कर दी। नगर पालिका की इस कार्यवाही के कारण नगर पालिका के किराएदार दुकानदार में हड़कंप की स्थिति हो गई है।

विकास और राजस्व का विरोधाभास
नगर पालिका प्रशासन की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि शहर का खजाना खाली होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शहरवासी और दुकानदार नगर पालिका से सफाई और बुनियादी सुविधाओं की मांग तो करते हैं, लेकिन जब अपनी जिम्मेदारी (किराया और टैक्स भुगतान) निभाने की बारी आती है, तो वे पीछे हट जाते हैं। नगर पालिका का कहना है कि करोड़ों रुपए के इस बकाया राजस्व के बिना शहर के विकास को गति देना संभव नहीं है।