Shivpuri News: नगर पालिका के कर्मचारियों को वेतन का संकट, EPFO ने जब्त किए करोडो रूपए

Bhopal Samachar

शिवपुरी। नगर पालिका परिषद की 4.83 करोड़ रुपये की राशि ईपीएफओ (EPFO) ने जब्त कर ली है। यह राशि 850 कर्मचारियों की भविष्य निधि (PF) से जुड़ी है। नगर पालिका ने यह पैसा वर्षों से जमा नहीं किया था। साल भर पहले ईपीएफ जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन अब ईपीएफओ ने पूरी राशि जब्त कर ली है, जिससे नगर पालिका की वित्तीय स्थिति बिगड़ गई है। हालात ऐसे हैं कि कर्मचारियों के वेतन निकालना मुश्किल हो गया है।

दरअसल बुधवार को ग्वालियर में हुई बैठक के दौरान ईपीएफओ ने नगर पालिका के खाते से 4.83 करोड़ रुपये जब्त कर लिए। सफाई कर्मचारी संगठन इसी मुद्दे को लेकर हड़ताल पर गया था। मामले में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधायक देवेंद्र जैन की पहल पर जांच कराई गई। कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी के निर्देश पर एडीएम दिनेश शुक्ला ने जांच की। जांच में सामने आया कि कर्मचारियों की ईपीएफ राशि कभी जमा ही नहीं की गई थी। इसके बाद सीएमओ इशांक धाकड़ ने ईपीएफ जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन 850 कर्मचारियों की पूरी राशि जमा नहीं हो सकी। अंततः ईपीएफओ ने यह बड़ी कार्रवाई की।

 हड़ताल के बाद खाते खुलवाए लेकिन राशि जमा नहीं की
नगर पालिका में यह समस्या इसलिए बनी क्योंकि ईपीएफओ का नियम है कि कर्मचारियों के 12 प्रतिशत वेतन की राशि उनके अकाउंट से कटती है और शेष 12 प्रतिशत राशि नगर पालिका अपने माध्यम से भविष्य निधि कोष में जमा करती है। लेकिन नगर पालिका ने न तो कर्मचारियों के अकाउंट से राशि काटी और न ही अपनी ओर से जमा की। हड़ताल के बाद कलेक्टर ने मामला संज्ञान में लिया और खाते खुलवाए गए।

अब कर्मचारियों का वेतन कहां से देगी नगर पालिका?
नगर पालिका को पहले ही सरकार से नया बजट नहीं मिल रहा था। अब 4.83 करोड़ रुपये जब्त होने से गंभीर वित्तीय संकट खड़ा हो गया है। सीएमओ इशांक धाकड़ का कहना है कि हमारे पास बजट और आय के संसाधन नहीं हैं, ऐसे में कर्मचारियों की सैलरी कहां से दी जाएगी, यह स्पष्ट नहीं है।

आगे क्या: बढ़ानी होगी कर वसूली
इस घाटे की पूर्ति के लिए नगर पालिका को आय के संसाधन खुद जुटाने होंगे। वर्तमान में तकरीबन दो लाख रुपये प्रतिदिन की वसूली होती है, जिसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये प्रतिदिन करना होगा, अन्यथा वेतन बांटना मुश्किल हो जाएगा।

हम वसूली अभियान को तेज करेंगे
यह मामला हमारे समय का नहीं बल्कि पुराना है। पिछले कई सालों से कर्मचारियों की भविष्य निधि का पैसा जमा नहीं होने के कारण ईपीएफओ पर राशि पेंडिंग थी। इसी वजह से बुधवार को 4.83 करोड़ रुपये की राशि काट ली गई है। इससे हमारे सामने वित्तीय संकट उत्पन्न हो गया है। हम कर्मचारियों की सैलरी देने और नगर पालिका के विकास कार्य करने के लिए संपत्ति कर वसूली अभियान को और अधिक सक्रिय बनाएंगे।
इशांक धाकड़, सीएमओ, नपा शिवपुरी