shivpuri news : स्पीड ब्रेकर बन रहे है दुर्घटनाओं का कारण, 4 इंच के जगह 6 इंच से अधिक की ऊंचाई

शिवपुरी। सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने का मुख्य उद्देश्य होता है कि वाहनों की स्पीड को कम करना,खासकर उन जगहों पर जहां दुर्घटनाओं का खतरा अधिक होता है, जैसे कि स्कूल, अस्पताल, आवासीय क्षेत्र और टी-जंक्शन। इससे पैदल चलने वालों और अन्य वाहनों की सुरक्षा बढ़ती है। स्पीड ब्रेकर सड़क पर दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करता है कि लेकिन शिवपुरी शहर की सडको पर जो स्पीड ब्रेकर बनाए है वह दुर्घटना रोकने में मददगार नहीं हो रहे बल्कि स्वयं दुर्घटना का कारण बन रहे है। इस कारण शहर के एक जागरूक व्यक्ति ने नियम विरूद्ध बनाए गई इन स्पीड ब्रेकर की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई हैं।

जानकारी के अनुसार महल कॉलोनी में निवास करने वाले  राधाचरण अग्रवाल ने रविवार को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि इन ऊंचे ब्रेकरों से सबसे ज्यादा समस्या गर्भवती महिलाओं और बच्चों को हो रही है। सर्कुलर रोड पर एक गर्भवती महिला अपने पति के साथ बाइक पर जा रही थी, लेकिन अचानक स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। महिला को तुरंत ऑटो से अस्पताल भेजा गया। कुल मिलाकर दुर्घटना को रोकने के लिए बनाए गए स्पीड ब्रेकर से दुर्घटना का कारण बन रहे है।

ऐसा क्यों हो रहा है
शहर की सड़कों पर वाहनों की गति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से बनाए गए स्पीड ब्रेकर नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए हैं नियमानुसार स्पीड ब्रेकर की मानक ऊंचाई 4 इंच होती है,लेकिन यहां 6 से 7 इंच ऊंचे स्पीड ब्रेकर बना दिए गए हैं। इतना ही नहीं, इन खतरनाक स्पीड ब्रेकरों के लिए सड़कों पर चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे लोग अचानक इनके सामने आ जाते हैं और दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।

ऊंचाई से वाहन चालकों को परेशानी,यहां बनाए गए है स्पीड ब्रेकर
शिवपुरी शहर की झांसी लिंक रोड, सर्कुलर रोड और बोम रोड सहित कई स्थानों पर ये अनियमित स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। वाहन चालकों को इनकी अत्यधिक ऊंचाई के कारण भारी समस्या हो रही है। इन स्पीड ब्रेकरों में 2-2 मीटर का निर्धारित ढलान भी नहीं दिया गया है, जिससे ये अचानक बाधा के रूप में सामने आते हैं। नियमानुसार, हर 40 मीटर पर दोनों ओर चेतावनी बोर्ड होने चाहिए, जो यहां मौजूद नहीं हैं।