SHIVPURI NEWS - नानी के साथ बकरी चराने गया नाती की नहर में डूबकर मौत

Bhopal Samachar

नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर थाना सीमा में स्थित चौदह महादेव के पास से गुजरी नहर मे एक 10 साल के बालक की डूबने से मौत हो गई। बालक का शव घटनास्थल से 2 किलोमीटर दूर मिला था। बालक को नरवर के स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया। बताया जा रहा है कि बालक अपनी नानी के साथ बकरी चराने आया था।

जानकारी के अनुसार मगरौनी कस्बे में निवास करने वाला आदिल उम्र 10 साल पुत्र हमीद शाह अपनी मॉ के साथ नानी के यहां आया हुआ था। आज सुबह मंगलवार को वह अपनी नानी के साथ बकरी चराने गया था। चौदह महादेव के पास से निकली नहर में आदिल नहाने लगा,और उसकी नानी बकरियों को लेकर आगे निकल गई।

बताया जा रहा है कि आदिल नहर मे नहा रहा था तभी उसका पैर फिसल गया और आदिल नहर के तेज बहाव में बह गया। आदिल को उस स्थान पर नहीं देखकर उसकी नानी जोर जोर से चिल्लाने लगी। महिला के आवाज सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। बताया जा रहा है कि आदिल के तलाश करने के लिए कई लोग नहर में कूद गए,आदिल घटना स्थल से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर मिला। तत्काल उसे नरवर के प्राथमिक केन्द्र पर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी।