शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस में एनएच 46 पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हिंदुस्तान होटल के पीछे दो बाइक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शंकरपुर निवासी औतार सिंह (26) के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक (MP 33 NA 0197) से मोहराई स्थित ससुराल जा रहा था। शाम करीब 5 बजे शिवपुरी-गुना एबी रोड पर सामने से आ रही बाइक (MP 33 MV 6707) से टक्कर हो गई।
घायल औतार को तुरंत कोलारस स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉ. बी.पी. यादव ने घटना की सूचना परिजनों को दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने औतार को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता सुघर सिंह यादव ने समधी देवेंद्र सिंह यादव के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।