SHIVPURI NEWS- सुमेला गांव की जनता ने राशन की दुकान को लूटा, वीडियो वायरल हुआ

शिवपुरी जिले के बदरवास जनपद के सुमेला गांव की उचित मूल्य की दुकान से अनाज लूटे जाने का वीडियो सामने आया है। अनाज लूटे जाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो मंगलवार की दोपहर का बताया गया है।

सेवा सहकारी संस्था द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान के विक्रेता विजय बंजारा ने बताया कि मंगलवार की दोपहर में राशन बांटने दुकान पर पहुंचा था। राशन बांटना शुरू ही किया था कि ग्रामीण एकजुट होकर दुकान पर आ गए और बिना बातचीत किए दुकान से अनाज लूटना शुरू कर दिया।

अनाज की इस लूट में बच्चे, महिलाएं भी शामिल थी। देखते ही देखते ग्रामीण करीब 20-25 बोरी चावल और गेहूं की लूट ले गए। मैने जैसे-तैसे दूकान की शटर गिरा कर दुकान में रखे अनाज को लूटने से बचाया। इसकी शिकायत बदरवास थाने में दर्ज कराई गई है।

बदरवास थाना प्रभारी सुनील खेमरिया का कहना है कि दुकान के विक्रेता को शिकायत पत्र के साथ स्टॉक रजिस्टर और दुकान में मौजूद अनाज की बोरियों की गिनती कर शिकायत दर्ज कराने की बात कही गई है। बता दें, सुमेला गांव की राशन की दुकान लूटने का यह पहला मामला नहीं है। इस दुकान पर पहले भी राशन न बांटने के आरोप लग चुके हैं।