सितारों का महा संयोग में काली अंधियारी रात जन्मेंगें श्रीकृष्ण, यह होगें शहर में कार्यक्रम- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। आज शहर सहित अंचल भर में जन्माष्टमी की धूम मची हुई है। हालांकि कुछ स्थानों पर गुरुवार को जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा चुका है। वहीं अधिकतर स्थानों पर आज जन्माष्टमी मनाई जा रही है। मंदिरों के साथ.साथ घर.घर भगवान के जन्म की तैयारियां हो रही हैं। जहां मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है, तो वहीं घरों पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ.साथ भगवान के लिए पालने सजाए गए हैं।

कई स्थानों पर बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई हैं तो कई जगहों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं होंंगी। रात 12 बजे भगवान के जन्म के साथ ही यह उत्सव प्रारंभ हो जाएंगे। आज सुबह से ही शहर के राधा कृष्ण मंदिर, मुरली मनोहर मंदिर, हनुमान मंदिर, विष्णु मंदिर, चिंताहरण मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, कालिया मर्दन मंदिर सहित अनेकों मंदिरों में उत्सव शुरू हो गए हैं।

रात्रि में भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा तो कहीं फूल बंगले सजाए जाएंगे। रात्रि में धनिया से बनी पंजीरी और माखन मिश्री का प्रसाद वितरित किया जाएगा। जन्माष्टमी पूजा के लिए दिनभर में कुल 5 मुर्हूत रहेंगे। जन्माष्टमी पर 8 बड़े शुभ योग भी बन रहे हैं। ऐसा पिछले 400 सालों में नहीं हुआ। इसलिए इस बार जन्माष्टमी पर्व बहुत खास है।

जन्माष्टमी पर सितारों का महा संयोग

आज 19 अगस्त को महालक्ष्मी, बुधादित्य, ध्रुव, और छत्र नाम के शुभ योग रहेंगे। साथ ही कुलदीपक, भारतीय, हर्ष और सत्कीर्ति नाम के राजयोग भी बन रहे हैं। इस तरह जन्माष्टमी पर इन 8 योगों का महा संयोग बन रहा है। जो पिछले 400 सालों में नहीं बना। इन योगों में पूजा करने से पुण्य फल और बढ़ जाएगा। आज खरीददारी और किसी भी काम की नई शुरुआत करने के लिए पूरा दिन शुभ रहेगा।

जन्माष्टमी का मुहूर्त आज सुबह 6 बजे से प्रारंभ होकर सुबह साढ़े 10 बजे तक रहेगा। इसके पश्चात दोपहर साढ़े 12 बजे से 2 बजे तक और शाम साढ़े 5 बजे से 7 बजे तक जन्माष्टमी की पूजा की जा सकेगी। अमृत काल में रात 11:25 से मुहूर्त शुरू होकर रात 1 बजे तक रहेगा। वहीं निशिता काल में रात 12:05 बजे से 12रू45 बजे तक सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त होगा।

गुरुद्वारा चौक पर दही हांडी और आजा नचले डांस प्रतियोगिता होगी
कोरोना काल के दो वर्षों में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से नहीं मन पाया था, जिसकी कसर इस बार भक्तों ने निकाल दी हैं। आज जन्माष्टमी की धूम पूरे देशभर में है। शिवपुरी शहर में गुरुद्वारा चौराहे पर महाराज अग्रसेन परमार्थ सेवा समिति द्वारा दही हांडी एवं आजा नचले डांस प्रतियोगिता का आयोजन शाम 7 बजे से होगा।

आजा नचले डांस प्रतियोगिता में 8 वर्ष से लेकर 14 वर्ष के बच्चों को शामिल किया जाएगा। वहीं दही हांडी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

जिसमें मटकी की ऊंचाई 25 फीट रखी गई है और समिति द्वारा मटकी फोडऩे वाले को 21 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। जिसकी बोली बढ़ती जा रही है। वर्ष 2019 में मटकी फोड़ प्रतियोगिता की बोली ढाई लाख रुपए तक पहुंच गई थी। इसके बावजूद भी उस मटकी को कोई भी दल नहीं फोड़ सका था। बाद में प्रशासन ने उस मटकी को उतरवाकर प्रतियोगिता का समापन करा दिया था।

समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नवनियुक्त जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव मौजूद रहेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एसपी राजेश सिंह चंदेल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम गणेश जयसवाल करेंगे। वहीं पूर्व विधायक महेंद्र यादव अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान समिति पुलिसकर्मियों का सम्मान भी करेगी।

चिंताहरण मंदिर पर भजनों की प्रस्तुति देंगे प्रसिद्ध भजन गायक पवन तिवारी

चिंताहरण मंदिर पर जन्माष्टमी के अवसर पर श्री राम भक्त परिवार द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें आज शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक सुंदरकांड पाठ सहित भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक पवन तिवारी प्रस्तुति देंगे। वहीं कल शनिवार को अखंड श्री राम चरित्र मानस पाठ पूर्णाहूति का आयोजन भी होगा और दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक मंदिर प्रांगण में भंडारे का आयोजन होगा।

कालिया मर्दन मंदिर पर होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता

कालिया मर्दन मंदिर पर जन्माष्टमी के पावन पर्व पर 19 अगस्त को रात्रि 8 बजे मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति से जुड़े समाजसेवी तेजमल सांखला ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक प्रहलाद भारती और भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम उपस्थित रहेंगे। इस प्रतियोगिता में विजेता को 5100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
G-W2F7VGPV5M