कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने कोटवारों संग मनाई होली, उत्साह के साथ मना होली का त्यौहार - Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
होली रंगों का त्योहार है। होली के इस पावन पर्व पर सभी के जीवन में खुशियां आयें। सभी शांति एवं सौहार्द के वातावरण में त्योहार मनाए। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने सभी जिलेवासियों को यही शुभकामनाएं दी हैं।

इस वर्ष होली का त्योहार कोटवारों के लिए भी बहुत खास रहा।कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने गुरुवार को कोटवारों के साथ होली का त्यौहार मनाया।

कोलारस में आयोजित कार्यक्रम में कोटवार एकत्रित हुए और सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। वहां कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कोटवारों को खाना भी परोसा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस रंगारंग समारोह में जिले के कोटवार शामिल हुए जिसमें अधिकारियों ने उन्हें फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि यदि हम किसी के जीवन में खुशियां ला सकते हैं। किसी के लिए कुछ अच्छा कर सकते हैं तो उससे बहुत खुशी मिलती है। सभी को एक दूसरे की मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने समारोह में शामिल हुए सभी कोटवारों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी।