पुलिस ने बदला एंगल: लूट नही पैसों के लेनदेन के कारण शिक्षक दंपति को मारी गोली, 4 हिरासत में- Shivpuri News

शिवपुरी।अपनी ससुराल खुरई से अपनी पत्नी स्वर्णलता जैन के साथ कार से लौट रहे शिक्षक मनोज कुमार जैन को दूसरी कार से आए बदमाशों ने गोली मार दी और महिला के गहने लूटकर भाग गए। यह वारदात कल रात चंदेरी सीमा में सिंहपुर घाटी पर बामौरकलां थाना क्षेत्र में घटित हुई। गोली लगने से शिक्षक और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। लेकिन पुलिस ने इस घटना को दूसरा एंगल दे दिया है।

पुलिस ने यह तो माना कि शिक्षक दम्पत्ति को गोली मारी गई है। लेकिन लूट की घटना से इंकार किया। बामौरकलां थाने के प्रभारी पुनीत वाजपेयी ने बताया कि पैसों के लेनदेन के कारण यह वारदात घटित हुई है। वारदात रोहित बड़बोले और उसके तीन साथियों ने स्कॉर्पियो से की है। गाड़ी पर वाल्मीकि लिखा हुआ था। पुलिस ने इस मामले में भादवि की धारा 307, 323, 294 और 506 का प्रकरण कायम कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध लूट की कायमी नहीं की।

फरियादी मनोज कुमार जैन निवासी खनियांधाना ने बताया कि वह अपनी पत्नी स्वर्णलता जैन के साथ ससुराल खुरई से वापिस लौट रहे थे। गाड़ी उनका ड्रायवर चला रहा था। सिंहपुर घाटी पर स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। बदमाशों ने उनकी गाड़ी के ड्राइवर को कार से उतारकर अपने संग बैठा लिया तथा दूसरा बदमाश शिक्षक की कार चलाने लगा।

बामौरकला के नजदीक आते ही शिक्षक ने हिम्मत जुटाई और उन्होंने गाड़ी का स्टेयरिंग पकड़कर चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर बदमाशों ने गाड़ी रोक दी और शिक्षक दम्पत्ति को कमर से नीचे गोली मार दी। बदमाशों ने स्वर्णलता जैन के गहने भी लूट लिए। इसके बाद बदमाश भाग गए। देर रात जैन दम्पत्ति को बामौरकलां अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने स्कॉर्पियो बरामद कर चार को लिया हिरासत में

बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को बरामद किया है और चार संदिग्ध आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।

share this



कृपया हमें फॉलो/सब्सक्राइब कीजिए