जो पाप कर सरकार बनाएगा, वह पब्लिक का भला नहीं कर पाएगा: जयवर्धन सिंह - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सुुपुत्र जयवर्धन सिंह ने कोलारस पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग में बाढ़ से 80 से 100 प्रतिशत तक फसल नष्ट हो गई है। उन्होंने कोलारस में पत्रकारवार्ता में विश्वास व्यक्त किया कि 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदेश में भाजपा ने जनबल से नहीं लेकिन धनबल से सरकार बनाई है।

सरकार बने 15 माह से अधिक हो चुके हैं। लेकिन जनता को कोई राहत नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग में कांग्रेस के पास कई जनाधार सम्पन्न नेता हैं और सिंधिया के पार्टी छोडऩे के बाद कांग्रेस के परफॉरर्मेंस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

जयवर्धन सिंह ने पत्रकारवार्ता में कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग में जब बाढ़ आ रही थी, तो भाजपा सरकार अन्न महोत्सव बना रही थी। जबकि अन्न महोत्सव बनाने का अधिकार भाजपा को नहीं है। यह अधिकार जनता ने दिया। उन्होंने कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है कि गरीब जनता के अनाज की बोरी पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फोटो हैं।

इनका वश चलता तो वह अनाज के दाने पर अपना फोटो लगवा लेते। उन्होंने कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग में बाढ़ से फसलों को शत प्रतिशत नुकसान हुआ है। लेकिन भाजपा सरकार ने अभी तक सर्वे नहीं कराया। बाढ़ के कारण नदी किनारे बने कई मकान धराशाही हो गए हैं। भाजपा सरकार ने सिर्फ 6 हजार रूपए देने की घोषणा की है और अभी तक राहत राशि किसानों तथा प्रभावित परिवारों को नहीं मिली है।

जो पाप कर सरकार बनाएगा वह भला नहीं कर पाएगा
पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने जो सरकार बनाई है, वह जनभावना के विपरीत है उन्होंने कहा कि जो भी पाप कर सरकार बनाएगा वह जनता का भला नहीं कर पाएगा। इस दौरान किसान कांग्रेस ने जयवर्धन सिंह का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा,विजय चौकसे,अशोक शर्मा,भानू पारिक,हार्दिक गुप्ता ब्लॉक अध्यक्ष किसान कांग्रेस,दीपक शिवहरे,मोहित यादव,कल्लू गौण,नारायण प्रसाद निगौरिया उपस्थिति रहे।
G-W2F7VGPV5M