जुए को लेकर विवाद में दो लोगों की गोली मारकर हत्या: हाईवे पर लाश / karera News

करैरा। जिले के करैरा अनुविभाग अंतर्गत महुअर नदी के गणेश घाट पर आज दो मुस्लिम युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे जुआ का लेनदेन बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जाँच की बात कह रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करैरा पहुंच गए। परिजन मार्ग पर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करैरा महुअर नदी के गणेश घाट के पास खालिद पुत्र शमशुद्दीन निवासी करैरा, इरफान खान पृथ्वीपुर टीकमगढ़ हाल निवासी करैरा की हत्या अज्ञात हत्यारों ने गोली मारकर कर दी।

दोनों युवकों के शव कुछ ही मीटर की दूरी पर पड़े हुए थे। मृतक युवकों के परिजनों का आरोप है कि यह हत्या जुआ के लेनदेन के चलते बंटी पण्डित नामक युवक ने की और परिजनों ने इसकी गिरफ्तारी के लिए चक्का जाम कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश ङ्क्षसह चंदेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर मौके पर जा पहुंचे। पुलिस इस मामले की विभिन्न कोणों से जाँच कर रही है।