नकल माफिया ने शिक्षा विभाग अधिकारियों से की सांठ-गांठ, चहेते शिक्षकों की लगवाई DUTY

बैराड़। शिक्षा विभाग द्वारा ली जाने वाली हाई स्कूल हायर सेकेंडरी परीक्षा केंद्र गोवर्धन पर क्षेत्र के एक विवादित नकल माफिया के विद्यालय का परीक्षा केंद्र होने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सांठ—गांठ कर माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड परीक्षा में ऑनलाइन लगाई गई पर्यवेक्षकों की ड्यूटी निरस्त करा कर नकल माफिया की मर्जी के अनुरूप शिक्षकों की ड्यूटी लगाकर माफिया को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

गोवर्धन परीक्षा केंद्र के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पोहरी द्वारा अपने हस्ताक्षरों से 21 पर्यवेक्षकों की जारी सूची में 2 शिक्षक दशरथ धाकड़ एवं जितेंद्र दिवाकर जो गत वर्ष की बोर्ड परीक्षा में नकल कराते पकड़े गए थे, जिन्हें संयुक्त संचालक द्वारा अपने निरीक्षण के दौरान उपसंचालक शिवपुरी से निलंबित कराया गया। फिर भी इन ब्लैक लिस्टेड शिक्षकों की ड्यूटी लगाना कहां तक उचित है। उक्त सांठगांठ में परीक्षा केंद्र अध्यक्ष से नाम मात्र का शिक्षकों की कमी होने का पत्र लिखवा कर अपने चहेते शिक्षकों की ड्यूटी लगवाई गई है।

शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने कुछ शिक्षक एवं महिला शिक्षक:

जिन की दूसरे केंद्रों पर बैराड़ में ड्यूटी है फिर भी उन्हें गोवर्धन में बाबू या रिलीवर बना  रखा है इससे प्रतीत होता है कि 21 शिक्षकों को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पोहरी ने बदल दिया है और गोवर्धन के 420 छात्रों को 21 शिक्षकों की व्यवस्था कर दी है इतना बड़ा बदलाव  जिला शिक्षा अधिकारी की हरी झंडी के बिना नहीं हो सकता इससे प्रतीत होता है कि शिक्षा विभाग में माफिया ने सेटिंग कर उक्त कार्य कराया है या फिर शिक्षा माफिया शिक्षा विभाग पर हावी हो गया है।

हाईस्कूल परीक्षा केंद्र गोवर्धन पर बैराड़ में नकल के लिए चर्चित लॉर्ड लखेश्वर विद्यालय के संचालक को साठगांठ के कारण शिक्षा विभाग उसकी मन माफिक व्यवस्थाएं कर लाभ पहुंचाना चाहता है। जबकि उक्त विद्यालय के संचालक रघु्वीर धाकड़ पर 420 एवं अन्य धाराओं के केस रजिस्टर्ड होने पर भी परीक्षा संचालित करते फिर रहे हैं। इससे प्रतीत होता है कि प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी माफिया के प्रति नतमस्तक हैं या सांठगांठ पूर्वक कार्य हो रहा है।