गुना-शिवपुरी लोकसभा परिणाम से पूर्व ही खेलने लगे हैं भितरघातियो की कुण्डली, 2 विधायकों के नाम चर्चा में | SHIVPURI NEWS

Bhopal Samachar
शिवपुरी। गुना और ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में परिणाम चाहे कुछ भी हो, लेकिन प्रमुख दल कांग्रेस और भाजपा भितरघात करने वालों की सूची तैयार कर रही है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों में अपनी अपनी विजिलेंस टीम को मैदान में छोड़ रखा था जो देख रही थीं कि उम्मीदवारों के साथ कौन कौन चुनाव प्रचार में सक्रिय है।

चुनाव खत्म होने के बाद दोनों दलों के भितरघातियों की कुण्डली बनना शुरू हो गई है। सूत्र बताते हैं कि दोनों दलों में भितरघातियों में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। इनमें मंत्री से लेकर पूर्व मंत्री भी शामिल बताए जाते हैं। चर्चा तो यहां तक है कि भितरघात के आरोप में एक दो मंत्रियों पर बर्खास्तगी की तलवार भी लटकी हुई है।

लोकसभा चुनाव का शोर खत्म हो चुका है। उम्मीदवारों को नतीजों का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन ग्वालियर में कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ  दोनों दलों के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भितरघात का आरोप है। ऐसे भितरघातियों की सूची बनाई जा रही है जिन्होंने पार्टी के अधिकारिक प्रत्याशियों से दूरी बनाकर रखी और उनके चुनाव प्रचार से दूर रहे। पार्टी नतीजों के बाद उन पर कार्यवाही करने के मूढ़ में है।

सूत्रों के अनुसार भाजपा की बिजिलेंस टीम ने छानबीन के बाद पूरा खाका बनाकर पार्टी पदाधिकारियों को सौंप दिया है। यह भी बताया जाता है कि भितरघात करने वाले नेता का जितना बड़ा कद होगा उस पर कार्यवाही भी उतनी ही बड़ी की जाएगी। ग्वालियर लोकसभा सीट पर जहां भाजपा ने कब्जा बरकरार रखने के लिए कड़ी मशक्कत की है वहीं कांग्रेस ने ग्वालियर सीट जीतने की उम्मीद लगाई है, लेकिन इस बार दोनों दल भितरघातियों से परेशान रहे।

भाजपा की ओर से भितरघात करने वालों में तीन पूर्व मंत्रियों, पार्टी के पदाधिकारियों, पूर्व साड़ा अध्यक्ष, पूर्व जीडीए चेयरमैन आदि के नाम बताए जा रहे हैं। पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा का तो वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें वह खुलेआम कांग्रेस के प्रचार की स्वीकृति देते हुए सुने जा रहे हैं। ग्वालियर लोकसभा सीट पर भितरघात करने वालों में सिंधिया समर्थकों के नाम लिए जा रहे हैं। जिन पर आरोप है कि उन्होंने ग्वालियर के स्थान पर गुना में प्रचार किया जबकि उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करना था।

ग्वालियर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह समर्थक अशोक सिंह को चुनाव मैदान में उतारा। सूत्रों के मुताबिक अशोक सिंह समर्थकों का आरोप है कि सिंधिया गुट में चुनाव प्रचार में उनका साथ नहीं दिया। बताया जाता है कि पार्टी के खिलाफ भितरघात करने वाले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर पार्टी आलाकमान को भेजी जा रही है।

ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा चुका है तथा चुनाव नतीजों के बाद भितरघातियों पर गाज गिराने की तैयारी है। ग्वालियर सीट पर कांग्रेस की विजिलेंस टीम ने 15 दिन पहले से ही डेरा डाल रखा था, क्योंकि यहां भितरघात का अंदेशा था। इसके बाद टीम ने उन नेताओं के नाम की लिस्ट तैयार की। जिन्होंने चुनाव प्रचार सहित अन्य तरह से पार्टी उम्मीदवारों को सहयोग नहीं दिया। सूची में बताया जाता है कि शिवपुरी जिले की पोहरी और करैरा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायकों के नाम भी शामिल हैं। 
G-W2F7VGPV5M