बारात में घुसे बदमाश ने उड़ाए दुल्हन के जेवर,कैमरे में कैद हुआ चोर

Adhiraj Awasthi
करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के अमोला थाना सीमा में एक चोर ने शादी की खुशियों को गम में बदल दिया,चोर बारात के साथ ही आया था और जैसे ही बारात   दुल्हन के दरवाजे पहुंची और टीका कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हुईं, उसी समय भीड़ में छिपे इस शातिर बदमाश ने मौका देखकर दुल्हन के जेवरों से भरा बैग साफ कर दिया।

ग्वालियर जिले के बिजौली थाना क्षेत्र के मुगलपुरा गांव निवासी कमल सिंह मौर्य अपने बेटे राहुल की बारात लेकर अमोला नंबर-2 पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे बैंड-बाजे के साथ बारात दुल्हन राखी के घर पहुंची। माहौल में खुशी, संगीत और मेहमानों की चहल-पहल थी।

रात 9 से 10 बजे के बीच जैसे ही टीका कार्यक्रम की तैयारी शुरू हुई, आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। इसी भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात चोर ने बड़ी सफाई से बैग में रखे सोने-चांदी के जेवर (नाक की नथ, मंगलसूत्र, पुतरिया, चांदी की करधौनी, पायल और बिछिया) पर हाथ साफ कर दिया।

घटना का पता चलते ही शादी की खुशियां अचानक चिंता और अफरा-तफरी में बदल गईं। परिजनों ने तुरंत आसपास तलाश की, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में मोहल्ले के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर जाता नजर आया है।

अमोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।