शिक्षा के मंदिर पर मदिरा का साया,नियमों को नशे में उड़ाया, चलेगा वैधानिक बुलडोजर

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image शिवपुरी। नियमों को ताक पर रखकर शिक्षा के केंद्र के पास जाम छलकाने की ठेकेदार की साजिश पर अब जनता का गुस्सा भारी पड़ गया है। शहर के महल सराय के नाम से स्वीकृत शराब की दुकान को निर्धारित क्षेत्र से बाहर ले जाकर ITI परिसर के सामने अवैध रूप से खोलना ठेकेदार को महंगा पड़ गया। महिलाओं के उग्र प्रदर्शन और स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद नींद से जागे आबकारी विभाग ने आखिरकार कड़ा रुख अपनाते हुए ठेकेदार को 10 दिन का अल्टीमेटम थमा दिया है। यदि तय समय में दुकान नहीं हटाई गई, तो विभाग वैधानिक कार्रवाई का बुल्डोजर चलाने की तैयारी में है।

ये है पूरा मामला
ठेकेदार द्वारा महल सराय में खोली जाने वाली दुकान के लाइसेंस पर आईटीआई परिसर के सामने खुलवाई जा रही है, जबकि यह निर्धारित परिक्षेत्र से बाहर का क्षेत्र है, यानी की यह दुकान पूर्णतः अवैध रूप से इस स्थान पर खुलवाई गई है। इसे लेकर क्षेत्र की महिलाओं ने 2 अप्रैल को आबकारी विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया था।

सौ मीटर के क्षेत्र में हैं आईटीआई और बीटीआइ
खास बात यह है कि जिस जगह शराब की दुकान को खोला गया है, उस दुकान से महज 50 मीटर की दूरी पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का परिसर और 100 मीटर से भी कम दूरी पर बीटीआइ और एसबीआई का ट्रेनिंग सेंटर है। यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं आते हैं। इसके बावजूद यहां पर आबकारी के अधिकारी शराब की दुकान खोलने की अनुमति प्रदान कर रहे हैं। इसी बात का विरोध क्षेत्रवासी कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने हमें शिकायत
दर्ज कराई थी, उक्त शिकायत के। क्रम में हमने स्थल परीक्षण कर शराब की दुकान ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। अगर नोटिस की अवधि में कार्रवाई नहीं करता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तीर्थराज भारद्वाज, सर्किल आफिसर।