राष्ट्रभाषा में एक साथ 48 स्टूडेंट्स फैल,जांच में निकलेगा कॉपियों का काला खेल

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस स्थित लुकवासा संकुल केंद्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कक्षा 5 वीं की वार्षिक परीक्षा में शामिल सभी 48 छात्र राष्ट्रभाषा हिंदी विषय में फेल घोषित कर दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार लुकवासा पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां तीन अलग-अलग स्कूलों के छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 32 छात्र लुकवासा पब्लिक स्कूल, 14 छात्र सरस्वती ज्ञान मंदिर और 2 छात्र लिटिल फ्लावर स्कूल के थे। हैरानी की बात यह है कि अलग-अलग स्कूलों और पृष्ठभूमि से आने वाले इन सभी छात्रों को हिंदी विषय में एक साथ फेल कर दिया गया।

इन सभी छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए खनियाधाना के मॉडल स्कूल भेजी गई थीं। परिणाम घोषित होने के बाद मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं। शिक्षा से जुड़े जानकारों का कहना है कि किसी एक विषय में सभी छात्रों का फेल होना सामान्य स्थिति नहीं मानी जा सकती, जिससे जांच प्रक्रिया पर संदेह गहरा गया है।

इस अप्रत्याशित परिणाम के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। उनका आरोप है कि बच्चों की कॉपियों की जांच में लापरवाही बरती गई है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन करने की मांग की है।

इस घटना ने शिक्षा विभाग के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से जांच की तैयारी की जा रही है।