वेंटिलेटर पर शिवपुरी शहर की यातायात व्यवस्था, बंद पड़े हैं शहर की ट्रैफिक सिगनल

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image शिवपुरी। शिवपुरी शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर आज प्रचण्ड पुकार परमार्थ एवं जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा हैं। वहीं समिति ने कड़े शब्दों में कहा है कि शिवपुरी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था वर्तमान में वेंटिलेटर पर है, जिसे तत्काल सुधारे जाने की आवश्यकता है।

खराब लाइटें बढ़ा रही हैं सिरदर्द
वहीं समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिवपुरी शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिगनल लाइटें जो लंबे समय से बंद पड़ी हैं, या खराब हो चुकी हैं इस कारण यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा हैं तथा सिगनल न होने के कारण वाहन चालक मनमाने तरीके से वाहन चलाते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है।

आम जनता और छात्र परेशान
वहीं सचिव चंद्रभान सिंह सिकरवार ने बताया कि इस अव्यवस्था से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। घंटों लगने वाले जाम के कारण न केवल आम जनता का समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि प्रशासनिक अधिकारी भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं। शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर ट्रैफिक सिगनल न होने के कारण स्थिति और भी भयावह हो गई है।

नई लाइटें लगाने की मांग
प्रचण्ड पुकार समिति ने मांग की है कि बंद पड़ी लाइटों को तुरंत ठीक कराया जाए और जिन चौराहों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां आवश्यकतानुसार नई ट्रैफिक सिगनल लाइटें लगाई जाएं। समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो शहर में दुर्घटनाओं का ग्राफ और बढ़ सकता है। इस अवसर पर सचिव चंद्रभान सिंह सिकरवार, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार कुशवाह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।