करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा में बैंक के बाहर दिनदहाड़े ऐसी चोरी हुई, जिसने लोगों को फिल्मों वाले ब्लेड गैंग की याद दिला दी। भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 1.60 लाख रुपए निकालकर बाहर निकले युवक को दो शातिर युवतियों ने महज 15 से 20 सेकेंड में अपना निशाना बना लिया। एक युवती ने बातों में उलझाकर रास्ता रोका, जबकि दूसरी ने पीछे से बैग पर ब्लेड चलाकर 90 हजार रुपए पार कर दिए। पूरी वारदात बैंक के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस अब दोनों युवतियों की तलाश में जुटी है।जानकारी के मुताबिक, ग्राम डुमघना निवासी 26 वर्षीय आकाश श्रीवास्तव, जो एसबीआई कियोस्क बैंक फूटा तालाब पर कार्यरत हैं, मंगलवार (7 अप्रैल) सुबह करीब 11:40 बजे भारतीय स्टेट बैंक की गांधी रोड, करैरा शाखा पहुंचे थे। उन्होंने कियोस्क संचालक के खाते से 1 लाख 60 हजार रुपए चेक के जरिए निकाले थे।
गेट पर फंसाया, पीछे से बैग काटा
वह रकम बैग में रखकर बैंक से बाहर निकल गए। जैसे ही आकाश बैंक के गेट के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद दो युवतियों ने उन्हें निशाना बनाया। एक युवती ने अचानक सामने आकर बातचीत शुरू कर दी। उसने रास्ता रोकते हुए ध्यान भटकाया। इसी दौरान दूसरी युवती पीछे खड़ी हो गई। महज 15–20 सेकेंड में पीछे खड़ी युवती ने ब्लेड से बैग काटकर 90 हजार रुपए निकाल लिए।
CCTV में कैद पूरी प्लानिंग
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि दोनों युवतियां पहले से बैंक के बाहर मौजूद थीं। एक ने इशारे और हरकतों से ध्यान भटकाया (चप्पल ठीक करने का बहाना)। दूसरी ने बेहद सफाई से बैग काटकर पैसे निकाल लिए। वारदात के बाद दोनों पैदल निकल गईं। बताया जा रहा है कि वे ई-रिक्शा (टमटम) से बैंक आई थीं।
कियोस्क पहुंचकर चला चोरी का पता
घटना के बाद आकाश अपने कियोस्क बैंक पहुंचे। जब उन्होंने बैग चेक किया तो 90 हजार रुपए गायब थे। इसके बाद वे तुरंत बैंक लौटे और CCTV फुटेज चेक कराया, जिसमें पूरी वारदात सामने आ गई।
FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश
थाना प्रभारी विनोद छावई के अनुसार, बुधवार को शिकायत मिलने के बाद दो अज्ञात युवतियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस CCTV के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।