शिवपुरी। शिवपुरी जिले में गर्मी की दस्तक के बीच शिवपुरी जिले में मौसम ने अचानक करवट ली और मंगलवार दोपहर से शुरू हुआ बारिश का दौर देर रात तक रुक-रुक कर चलता रहा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से जिले में तेज हवा, आंधी, बूंदाबांदी और बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई और किसानों की चिंता भी बढ़ गई।मौसम में आए इस बदलाव का सबसे बड़ा असर तापमान पर दिखा। जिले में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग के अनुसार शहर में तापमान में करीब 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। अधिकतम तापमान भी गिरकर करीब 28.9 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे अप्रैल की तपिश के बीच लोगों को बड़ी राहत महसूस हुई।
दोपहर से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला, रात तक बिगड़ा मौसम
मंगलवार दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। शाम ढलते-ढलते मौसम और बिगड़ गया। कई इलाकों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई, जबकि रात करीब 8 बजे से फिर रुक-रुककर करीब दो घंटे तक बारिश होती रही। बारिश के साथ कई जगह आकाशीय बिजली की चमक भी दिखाई दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि जिले में कहीं से भी तेज हवा या बिजली गिरने से किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
शहर की सड़कें भीगीं, कई मोहल्लों में पानी भरने से परेशानी
बारिश ने जहां मौसम को सुहाना बना दिया, वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। शिवपुरी शहर की कुछ सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह कीचड़ और फिसलन से यातायात भी प्रभावित रहा। अचानक हुई इस बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन शहर की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी। जिन इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था कमजोर है, वहां लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
एक जोन में 72 शिकायतें, रातभर गुल रही बिजली
बारिश और आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। मंगलवार रात और बुधवार रात आई तेज हवा और बारिश के कारण पश्चिमी क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। एक जोन में ही 72 शिकायत दर्ज की गईं। खुडा समेत कई इलाकों में बिजली गुल, फॉल्ट और टूटे तारों की शिकायतें आती रहीं। पूरी रात कई मोहल्लों में लोग बिजली की आंख-मिचौली से परेशान रहे। बारिश के बीच अंधेरे और बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
औसत 14.6 मिमी बारिश, कई तहसीलों में दर्ज हुई बूंदाबांदी
भू-अभिलेख विभाग और मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले की 8 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। जिले में औसतन 14.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में इससे अधिक बारिश भी हुई। सबसे ज्यादा असर शिवपुरी, करैरा और पोहरी क्षेत्र में देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह बदलाव नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आया है, जिसके चलते वातावरण में नमी बढ़ी और बारिश की स्थिति बनी।
किसानों के लिए राहत कम, चिंता ज्यादा
बारिश ने आम लोगों को भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम पूरी तरह सुखद नहीं माना जा रहा। कृषि विभाग के अनुसार जिले में करीब 90 प्रतिशत गेहूं की फसल कट चुकी है, लेकिन जहां-जहां खेतों में अभी भी कटाई या मड़ाई का काम बाकी है, वहां यह बारिश नुकसानदेह साबित हो सकती है। विशेषकर जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों या खलिहानों में रखी है, उनके लिए यह बारिश चिंता का कारण बन गई है।
आज भी बारिश और बादल बने रहने के आसार
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो से तीन दिन तक मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ नहीं होगा। गुरुवार को भी हल्की से मध्यम बारिश, बादल, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। यानी फिलहाल शिवपुरी में गर्मी पर कुछ दिनों के लिए ब्रेक लग गया है। हालांकि लोगों को राहत के साथ-साथ बिजली, जलभराव और मौसम जनित असुविधाओं के लिए भी तैयार रहना होगा।