शिवपुरी में पत्नि की मौत के 12 घंटे बाद पति ने भी तोडा दम, लव मैरिज की थी

Adhiraj Awasthi

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के कोलारस थाने की लुकवासा चौकी सीमा क्षेत्र से एक बडी खबर मिल रही है। बंटी रघुवंशी के फार्म हाउस पर मजदूरी करने आए मायापुर के पति-पत्नि ने आपसी झगडे के बाद जहर गटक लिया,जिससे दोनो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान पत्नी की शुक्रवार रात और पति की शनिवार सुबह मौत हो गई। इस दंपत्ति की एक डेढ़ साल की बच्ची है और इन दोनो ने 3 साल पूर्व घर से भागकर शादी की थी।

जानकारी के अनुसार,मायापुर थाना सीमा में निवास करने वाले 22 वर्षीय चंद्रपाल आदिवासी और उसकी 21 वर्षीय पत्नी सावित्री श्रीनाथ होटल के पास स्थित बंटी रघुवंशी के कृषि फार्म पर रहकर मजदूरी का कार्य कर रहे थे। करीब छह महीने पहले दोनों यहां काम करने आए थे और वहीं बनी झोपड़ी में अपनी बच्ची के साथ रह रहे थे। 1 अप्रैल की रात करीब 10 बजे पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने आवेश में आकर झोपड़ी के भीतर जहरीली दवा खा ली।

कुछ समय बाद जब दोनों की हालत बिगड़ने लगी तो पास में रह रहे साथी मजदूरों को घटना की जानकारी लगी। इसके बाद उन्होंने तत्काल दोनों को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसी रात दोनों को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पहले पत्नी ने तोड़ा दम, फिर 12 घंटे बाद पति की भी मौत
इलाज के दौरान शुक्रवार रात करीब 9 बजे सावित्री की मौत हो गई।  करीब 12 घंटे बाद शनिवार सुबह करीब 9 बजे चंद्रपाल ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह 12 घंटे के अंतराल में एक ही परिवार के दो युवा सदस्यों की मौत ने पूरे मामले को और अधिक हृदयविदारक बना दिया। इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि चंद्रपाल और सावित्री की डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची है, जो अब मां-बाप दोनों के साये से वंचित हो गई है।

तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था, गांव से भागकर की थी शादी
मृतक दंपति मूल रूप से मायापुर थाना क्षेत्र के तिजारपुर गांव के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, चंद्रपाल आदिवासी और सावित्री ने लगभग तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों एक-दूसरे को चाहते थे और घर से भागकर शादी कर ली थी। बाद में वे वापस गांव लौट आए थे और साथ में जीवन बिता रहे थे। प्रेम विवाह से शुरू हुई यह कहानी अब दर्दनाक अंत तक पहुंच गई, जिसने पूरे परिवार और समाज को स्तब्ध कर दिया है।

महिला का पैनल से पोस्टमार्टम, पुलिस ने मर्ग कायम किया
घटना के बाद मेडिकल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। महिला की मौत को देखते हुए सावित्री का पोस्टमार्टम तहसीलदार की निगरानी में डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया, जबकि चंद्रपाल का भी पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अब इस मामले की मर्ग डायरी लुकवासा चौकी पुलिस को भेजी जाएगी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस आगे की जांच करेगी।