शिवपुरी विष्णु मंदिर पर भागवत कथा शुरू, आज निकाली गई भव्य कलश यात्रा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के सुप्रसिद्ध विष्णु मंदिर परिसर में आज 4 अप्रैल 2026 से श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। वहीं कथा के प्रथम दिन नगर के प्रमुख मार्गों से एक विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति संगीत और जयकारों के बीच पूरी नगरी धर्ममय नजर आई।

ग्रंथ लेकर परिक्रमा पर निकले यजमान
वहीं बता दें कि कथा के मुख्य यजमान प्रसिद्ध उद्योगपति अरविंद दीवान एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गीता दीवान ने पूर्ण श्रद्धा भाव के साथ श्रीमद् भागवत महापुराण के ग्रंथ को अपने सिर पर धारण किया। गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई इस नगर परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रीमद् भागवत ग्रंथ और कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

पीले वस्त्रों में सजी कलश धारी महिलाएं
वहीं कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पीले वस्त्र पहनकर सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं। ढोल-ताशों और भजनों की धुन पर थिरकते श्रद्धालुओं ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। कलश यात्रा नगर के प्रमुख चौराहों से होते हुए पुनः विष्णु मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से ग्रंथ की स्थापना की गई।

विष्णु मंदिर पर हो रही श्रीमद् भागवत कथा का वाचन परमाध्यक्ष स्वामी रातीर्थ मिशन,देहरादून  से पधारे कथावाचक डॉ.शिव चंद्र दास जी महाराज करें। वहीं कथा का प्रारंभ 4 अप्रैल 2026,कथा विश्राम 10 अप्रैल 2026, 11 अप्रैल को हवन,हवन के बाद प्रातः: 8 बजे भंडारा दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।

कलश यात्रा के समापन के पश्चात कथा वाचक द्वारा भागवत महात्म्य का वर्णन किया गया। यजमान अरविंद दीवान ने बताया कि यह आयोजन लोक कल्याण और आध्यात्मिक शांति के उद्देश्य से किया जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में प्रतिदिन भगवान की विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी जनता से कथा श्रवण कर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।