प्यार, शादी और फिर धोखा, 4 माह की गर्भवती रक्षा दर-दर भटकने को मजबूर

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image शिवपुरी। शिवपुरी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो लव मैरिज के साइड इफेक्ट्स एसपी ऑफिस में आवेदन के रूप में आए है। प्यार,शादी फिर धोखा जैसी फिल्मी कहानी सामने आ रही है। अब पीडिता अपने पेट मे प्यार की निशानी लेकर दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। कभी साथ जीने मरने की कसमें खाकर जिंदगी भर का साथ निभाने वाला प्रेमी से पति बने शिवम ने रक्षा को सड़क पर छोड़ दिया है।

मामला अमोला थाना क्षेत्र का है, जहां रक्षा लोधी ने आरोप लगाया कि शिवम लोधी ने पहले उसे प्रेम जाल में फंसाया, भरोसा दिलाया और फिर शादी कर ली। शुरुआत के 2-4 महीने किसी सपने जैसे बीते, लेकिन जल्द ही इस रिश्ते का असली चेहरा सामने आने लगा। रक्षा के मुताबिक, पति शिवम ने उस पर गलत कामों में साथ देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया, तो प्यार की जगह मारपीट और अपमान ने ले ली।

प्यार की निशानी पेट में, और घर से बेदखल
हद तो तब हो गई जब रक्षा 4 माह की गर्भवती हो गई। जिस शख्स ने कभी साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी ने इस हालत में उसे पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। आज रक्षा अपने मायके में शरण लेने को मजबूर है, जहां उसके बुजुर्ग माता-पिता मजदूरी कर किसी तरह गुजारा कर रहे हैं।

थाने से निराश, एसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष न केवल उसे बदनाम कर रहा है, बल्कि जान से मारने की धमकियां भी दे रहा है। अमोला थाने में शिकायत के बावजूद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो अंततः रक्षा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

लव मैरिज का साइड इफेक्ट या भरोसे का टूटना?
यह मामला सिर्फ एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि उस अंधे भरोसे की हकीकत है, जिसमें कई युवतियां मीठी बातों में आकर सब कुछ दांव पर लगा देती हैं। प्यार, शादी और फिर धोखा—यह सिलसिला अब सवाल बनकर खड़ा है कि क्या रिश्तों में भरोसा अब सिर्फ शब्दों तक सीमित रह गया है?