बडी खबर, सरकारी बिजली तार से फैला ट्रॉली में करंट, 7 साल के मासूम सहित महिला को जिंदा जला दिया

Adhiraj Awasthi

हार्दिक गुप्ता @ कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग की कोलारस थाना के लुकवासा चौकी सीमा क्षेत्र में आज सुबह सरकारी बिजली के तारों के द्वारा फैले करंट से 7 साल के मासूम बालक और एक 30 साल की महिला की मौत होने की खबर मिल रही है। वही इस हादसे में 2 लोग के गंभीर घायल होने की खबर है,इन घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया है। यह परिवार राजस्थान से भूसा भरने आया था और ट्रॉली में भूसा भरने के दौरान हुआ है। सूचना के बाद लुकवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्राइम सीन का निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार लुकवासा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डोंढ़याई में आज शुक्रवार की सुबह राजस्थान के बारां गांव में भूसा खरीदने आए थे। जिस खेत के आसपास यह परिवार भूसा भरने पहुंचा था, वहां बिजली का एक तार पहले से टूटा हुआ झाड़ियों और घास-फूस के बीच पड़ा था। तार झाड़ियों में इस तरह उलझा हुआ था कि वह दूर से दिखाई नहीं दे रहा था।

बताया जा रहा है कि जब ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा भरने के लिए खेत की ओर बढ़ी, उसी दौरान ट्रॉली में लगा लोहे का एंगल इस टूटे हुए हाई वोल्टेज तार से जा टकराया। जैसे ही एंगल तार के संपर्क में आया, पूरी ट्रॉली में तेज करंट दौड़ गया और उस पर बैठे व आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि मौके पर मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। चीख-पुकार के बीच कुछ लोग संभल पाते, उससे पहले ही दो जिंदगियां हमेशा के लिए खत्म हो चुकी थीं।

महिला और 7 साल के मासूम की मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि इस ट्रेक्टर पर बंजारा परिवार के लोग बैठे थे। इस  हादसे में लीला बाई पत्नी विनोद और अनिल पुत्र मेंबर बंजारा, उम्र 7 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा इतना अचानक और भयावह था कि परिवार के लोग अपने प्रियजनों को बचाने की कोशिश भी ठीक से नहीं कर सके। मासूम अनिल की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। गांव में मौजूद लोगों का कहना था कि जिस उम्र में बच्चे खेलते-कूदते हैं, उस उम्र में एक मासूम ने बिजली की लापरवाही की कीमत अपनी जान देकर चुकाई।

दो लोग गंभीर रूप से झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में विनोद (पुत्र रंजीत, उम्र 27 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है। वहीं केशर बाई (पत्नी मेंबर, उम्र 30 वर्ष) भी करंट की चपेट में आकर घायल हुई हैं, जिनका उपचार जारी है।