अमरूद के पेड़ से लटका मिला बॉबी, इधर करंट से तड़प तड़पकर मर गया युवक

Adhiraj Awasthi
शिवपुरी
। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के भीतर दो युवकों की मौत की खबर मिल रही है। शिवपुरी जिले की  खोड़ चौकी क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला, वहीं रन्नौद में अपनी फसल सींचने गए एक किसान की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।

रहस्यमयी फोन कॉल और फिर पेड़ से लटका मिला शव
शिवपुरी जिले के भौती थाने की खोड़ थाना क्षेत्र के टीला रोड पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया। जुझाई गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक खेत में लगे अमरूद के पेड़ से बॉबी दयोल राजपूत नामक युवक का शव लटका मिला।

परिजनों का आरोप- हुई है हत्या
परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम बॉबी खाना खाने बैठा था, तभी उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। वह अभी आता हूँ कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह पेड़ पर उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बॉबी के हाथों पर मिट्टी लगी थी, जो इस बात का संकेत है कि मौत से पहले संघर्ष हुआ होगा। घटनास्थल पर ही उसकी बाइक और मोबाइल पड़े मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

करंट की चपेट में आने से उजड़ा परिवार
दूसरी हृदयविदारक घटना रन्नौद थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-15 से सामने आई है। यहाँ रहने वाला 25 वर्षीय धर्मसिंह कुशवाह अपने खेत में सब्जी की फसल की सिंचाई करने गया था। सिंचाई के लिए जब वह सीधे ट्रांसफार्मर से बिजली के तार जोड़ रहा था, तभी अचानक चालू लाइन का तार उसके ऊपर गिर गया।

पीछे छूट गई डेढ़ साल की मासूम
करंट इतना भीषण था कि धर्म सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक अपने पीछे एक महज डेढ़ साल की मासूम बेटी छोड़ गया है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

पुलिस की कार्रवाई
दोनों ही मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच के चक्र को आगे बढ़ाया है। खोड़ मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत की गुत्थी सुलझ सके, वहीं रन्नौद पुलिस ने बिजली उपकरणों के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।