शिवपुरी जिले मे पत्नि पर गैर मर्दों से बात करने का आरोप, पति ने नाक काट दी,मारपीट

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिले के भौती थाना क्षेत्र के मनपुरा कस्बे में शनिवार रात घरेलू विवाद ने अचानक खूनी मोड़ ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे एक पति ने पहले अपनी पत्नी पर चरित्र को लेकर शक जताया, फिर उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला के नाक, कान, मुंह और हाथों में चोटें आई हैं। घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

शराब पीकर घर पहुंचा, फिर पत्नी पर लगाने लगा आरोप
पुलिस के अनुसार, ग्राम मनपुरा निवासी विनीता प्रजापति उम्र 26 साल पत्नी जगदीश प्रजापति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 29 मार्च की रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान उसका पति जगदीश प्रजापति शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर में घुसते ही उसने पत्नी पर चरित्र शंका जतानी शुरू कर दी। उसने विनीता से कहा कि वह दूसरे आदमियों की तरफ देखती है और उनसे बातें करती है। इस बात को लेकर घर के भीतर विवाद बढ़ गया।

पत्नी ने विरोध किया तो गालियों की बौछार, फिर कुल्हाड़ी उठा ली
महिला ने पुलिस को बताया कि उसने पति के आरोपों को सिरे से नकार दिया और कहा कि वह किसी अन्य व्यक्ति से कोई बात नहीं करती। लेकिन यह जवाब सुनकर आरोपी और अधिक उग्र हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने पत्नी के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पत्नी ने उसे गालियां देने से रोका, तो वह आपा खो बैठा और घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली।
इसके बाद उसने पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में महिला के नाक, कान, मुंह और दोनों हाथों में चोटें आईं। महिला खून से लथपथ हो गई और चीख-पुकार मच गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग, तब बची जान
घटना के दौरान महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि लोगों के बीच-बचाव के बाद महिला की जान बच सकी। इसके बाद घायल महिला ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

भौंती पुलिस ने आरोपी पति पर दर्ज किया केस
घायल महिला की शिकायत के आधार पर भौंती थाना पुलिस ने आरोपी पति जगदीश प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला को आई चोटों और घटना की परिस्थितियों को देखते हुए मामले की  जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जानलेवा हमले से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।