परिजनों ने ​की प्रेमी की हत्या, प्रेमिका की सगाई टूटी, गोद भराई भी नहीं हुई,पढिए पूरी कहानी

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। कोलारस में एक युवक की हत्या यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि एक प्रेम कहानी का खौफनाक अंत है। कोलारस कस्बे में प्रेमिका को भगाने पहुंचे युवक अर्जुन पाल को कथित तौर पर पूरी रात बंधक बनाकर पीटा गया, फिर उसकी हत्या कर शव नाले के किनारे फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि परिवार ने बेटी के प्यार को अपनी इज्जत और ईगो का सवाल बना लिया था। इस वारदात के बाद जहां अर्जुन की जिंदगी खत्म हो गई, वहीं उसकी प्रेमिका वर्षा की सगाई भी टूट गई और गोद भराई की रस्म तक नहीं हो सकी।

कोलारस कस्बे में सामने आया अर्जुन पाल हत्याकांड अब सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि ऑनर किलिंग की शक्ल लेता नजर आ रहा है। प्रारंभिक जानकारी और परिजनों के आरोपों के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम संबंध, सामाजिक असहमति और पारिवारिक ईगो से जुड़ा हुआ है।

बताया जा रहा है कि अर्जुन पाल अपनी प्रेमिका वर्षा कुशवाह को घर से भगाने के इरादे से पहुंचा था, लेकिन वर्षा के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसे रातभर बंधक बनाकर पीटा गया, फिर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नाले के किनारे फेंक दिया गया। इस वारदात के बाद प्रेमिका वर्षा की सगाई भी टूट गई और उसकी गोद भराई की रस्म भी नहीं हो सकी।

खेत पर मुलाकात, मजदूरी के दौरान शुरू हुई प्रेम कहानी
मृतक के फुफेरे भाई कप्तान पाल निवासी गणेश खेड़ा के अनुसार, वह पिछले कुछ वर्षों से कोलारस में जमीन बटाई पर करता है। इसी कारण उसका भाई अर्जुन पाल अक्सर उससे मिलने खेत पर आता-जाता था। इसी दौरान वहां वर्षा कुशवाह भी मजदूरी करने पहुंचती थी। खेत पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती से प्यार में बदल गया। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और उनके बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।

मैंने गोलू को समझाया, लेकिन वह नहीं माना
मृतक गोलू के फुफेरे भाई कल्ला ने मीडिया को बताया कोलारस में सौरभ जैन की फोरलेन बायपास किनारे वाली जमीन को मैने बटाई पर ले रखा था। इन खेतों पर लड़की, उसकी मां व दो-तीन सहेलियां कोलारस में सौरभ जैन की फोरलेन बायपास किनारे वाली जमीन पर तीन-चार साल से मजदूरी करने आती थीं। दो माह पहले गोलू की 21 साल की प्रेमिका से मुलाकात हुई। दोनों फोन पर बात करने लगे। एक माह पहले मां ने देख लिया। लडकी को डांट दिया और मैंने गोलू को यहां आने से माना कर दिया।

अब गोलू रात में ट्रक से आया। फोन लगाकर मुझे बुला लिया। मैंने गोलू को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। मैं मजबूरी में उसके संग बाइक से चला गया। हम रोड पर आए। तभी चार-पांच लोगों ने हमें घेर लिया। लाठियों से हमला कर दिया। मैं बचकर बाइक से बाजार की तरफ भाग आया। गोलू रामपुर की तरफ पैदल भाग गया। सुबह मौके पर पहुंचा तो लाश पड़ी थी।

पुलिस सूत्रों की मानें तो पूछताछ में सामने आया है कि वर्षा के परिजनों ने पहले वर्षा को समझाया, फिर अर्जुन पाल को भी समझाने का प्रयास किया। उसे कहा गया कि दोनों एक ही समाज के नहीं हैं, इसलिए यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ सकता। अर्जुन से कहा गया कि वह वर्षा को भूल जाए। लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों अपने रिश्ते से पीछे हटने को तैयार नहीं थे।

परिवार ने बेटी की शादी तय कर दी, लेकिन प्रेमी पीछे हटने को तैयार नहीं था
जब समझाइश और दबाव के बावजूद दोनों का रिश्ता खत्म नहीं हुआ, तो वर्षा के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। परिवार को लगा कि अगर जल्दी शादी कर दी जाए तो यह रिश्ता अपने-आप खत्म हो जाएगा।

लेकिन प्रेम कहानी यहीं खत्म नहीं हुई
सूत्रों के अनुसार, सगाई के एक दिन पहले अर्जुन ने वर्षा को घर से भगाने का फैसला कर लिया। माना जा रहा है कि वह वर्षा को अपने साथ ले जाकर दोनों का रिश्ता बचाना चाहता था। लेकिन यही फैसला उसकी जिंदगी का आखिरी कदम साबित हुआ।

अगर यह जिंदा रहा तो शादी नहीं होने देगा, इसी सोच ने ले ली जान
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि वर्षा के परिजनों को यह डर सताने लगा था कि यदि अर्जुन जिंदा रहा, तो वह वर्षा की शादी नहीं होने देगा। यही वजह मानी जा रही है कि परिवार ने इस रिश्ते को इज्जत और ईगो का सवाल बना लिया। बताया जा रहा है कि अर्जुन को पकड़ने के बाद उसके साथ रात भर बेरहमी से मारपीट की गई। उसे बंधक बनाकर रखा गया और कथित तौर पर इतनी बुरी तरह पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। यही कारण है कि अब यह मामला आनर किलिंग के रूप में देखा जा रहा है।

हत्या से पहले पिता से कराई गई बात, फोन पर बोला ये लोग मुझे मार रहे हैं
मृतक के भाई कप्तान पाल का कहना है कि जिस समय वर्षा के परिजन अर्जुन की पिटाई कर रहे थे, उसी दौरान अर्जुन के मोबाइल पर उसके पिता के फोन आने लगे। दरअसल, शाम को अर्जुन ने अपने पिता को बताया था कि वह गाड़ी से लौट आया है और घर पहुंचने वाला है, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो पिता ने बार-बार फोन करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान वर्षा के स्वजनों ने अर्जुन की उसके पिता से बात करवाई। उस बातचीत में अर्जुन ने अपने पिता से कहा कि-ये लोग मुझे मार रहे हैं और मेरी हत्या करने की कह रहे हैं। यह सुनते ही अर्जुन का परिवार एक्टिव मोड में आ गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

रातभर पिटाई, सुबह नाले के किनारे मिला शव
आरोप है कि मारपीट के बाद अर्जुन पाल की हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने या मामले को छिपाने के इरादे से उसका शव गांव के पास नाले के किनारे फेंक दिया गया। सुबह जब शव मिलने की खबर फैली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। एक प्रेम संबंध ने इतनी निर्मम और खूनी परिणति ले ली, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

प्रेमी की हत्या के बाद टूटी वर्षा की सगाई, नहीं हुई गोद भराई
इस हत्या का असर सिर्फ अर्जुन की मौत तक सीमित नहीं रहा। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, अर्जुन की हत्या के बाद वर्षा की सगाई भी टूट गई। बताया जा रहा है कि जिस दिन वर्षा की गोद भराई और सगाई की रस्म होनी थी, उसी दिन यह सनसनीखेज घटना पूरे क्षेत्र में फैल गई। जब यह बात वर्षा की होने वाली ससुराल तक पहुंची, तो उन्होंने रिश्ता करने से इंकार कर दिया। नतीजा यह हुआ कि गोद भराई की रस्म नहीं हो सकी और सगाई टूट गई।

मामले में कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया
अर्जुन अपनी प्रेमिका वर्षा को भगाने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान उसके स्वजनों ने उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को नाले के किनारे फेंक दिया गया। हमने दो नामजद और दो से तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित फरार हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।