शिवपुरी के संदीप की दतिया मे दर्दनाक मौत, बाइक को ट्रैक्टर ने रौंद दिया था

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के एक युवक की दतिया में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार बाइक से मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे ने एक ही पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

मृतक की पहचान संदीप अहिरवार उम्र 20 साल के रूप में हुई है। घायल पिता राकेश अहिरवार और मां भारती अहिरवार हैं। जो मूल रूप से शिवपुरी जिले के राजपुरदयाल गांव के निवासी हैं और वर्तमान में दतिया की सिद्धार्थ कॉलोनी में रह रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पूरा परिवार बाइक से भांडेर स्थित ध्वार वाली माता के दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिता राकेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि मां भारती का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।