शिवपुरी, होटल और ढाबों और रसोई गैस का उपयोग, छापामार कार्यवाही 16 सिलेंडर जब्त

Adhiraj Awasthi

बैराड। शिवपुरी जिले में एक ओर जहां आम जनता एलपीजी गैस की किल्लत से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू सिलेंडरों का अवैध उपयोग धड़ल्ले से जारी है। इस पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने बैराड़ कस्बे में बड़ी छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। तहसीलदार दृगपाल वेस के नेतृत्व में टीम ने कस्बे के कई होटल, ढाबों और चाय-नाश्ता केंद्रों पर औचक दबिश दी, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

दिखावे के कमर्शियल सिलेंडर, काम घरेलू से
जांच के दौरान प्रशासन को एक चौंकाने वाली सच्चाई का पता चला। कई नामी होटलों और ढाबों पर कमर्शियल  सिलेंडर केवल शो-पीस के तौर पर रखे गए थे ताकि अधिकारियों को गुमराह किया जा सके। रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि दुकानदारों ने महीनों से अपने कमर्शियल सिलेंडर रिफिल ही नहीं कराए थे, जबकि उनकी रसोई में धड़ल्ले से नीले और लाल घरेलू सिलेंडरों का उपयोग कर व्यावसायिक भोजन तैयार किया जा रहा था।

प्रशासनिक कार्रवाई और जब्ती
वरिष्ठ अधिकारियों के सख्त निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में डेढ़ दर्जन से अधिक दुकानों की बारीकी से जांच की गई। नियमों का सरेआम उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने मौके से 16 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। इन सभी सिलेंडरों को तत्काल कालामढ़ इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

खाद्य विभाग करेगा आगे की कार्रवाई
तहसीलदार दृगपाल वेस ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर जिला खाद्य विभाग को भेज दी गई है। अवैध रूप से घरेलू गैस का उपयोग करने वाले दुकानदारों पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से उन काला बाजारियों में हड़कंप है जो आम जनता के हक की गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं।