SHIVPURI में पटवारी मीना का रिश्वत में मनी मांगते हुए ​ऑडियो वायरल,सस्पेंड

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील की ग्राम चंदौरिया मे पदस्थ महिला पटवारी का एक ग्रामीण से रिश्वत की मांग करते हुए एक  ऑडियो   वायरल सोशल पर वायरल हुआ हैं। इस  वायरल ऑडियो  में महिला पटवारी नामांतरण के एवज में एक ग्रामीण से बात करती हुई सुनाई दे रही है। आडियो वायरल होने के उपरांत एसडीएम ने महिला पटवारी को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व ग्राम चंदौरिया में पदस्थ महिला पटवारी मीना कुशवाह की किसी जमीन के फौती नामांतरण के एवज में रिश्वत की मांग करते हुए   ऑडियो   सोशल पर वायरल हुआ  । इस  ऑडियो  में जो ग्रामीण महिला पटवारी के घर पहुंचा है वह किसी गजराज नामक व्यक्ति के माध्यम से महिला पटवारी के संपर्क में आया है।

ग्रामीण सिर्फ नहीं कई प्रकरणों को लेकर महिला पटवारी से बात कर रहा है, जिनके संबंध में महिला पटवारी रिश्वत की बात करती हुई सुनाई दे रही है। महिला पटवारी ने इस बातचीत के दौरान यहां तक कहा है कि उसने जो राशि कही है वह लीगल है, इसमें से आधी राशि वहां जाती है और आधी यहां रहती है। हालांकि महिला पटवारी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आधी राशि किसे दी जाती है।

इसके अलावा वह बाबू के हिस्से की बात करती हुई भी सुनाई दे रही है। उक्त महिला पटवारी की पूर्व में भी कई शिकायतें आई हैं। इसी वायरल  ऑडियो   को लेकर कोलारस तहसीलदार ने 23 मार्च 2026 को एक प्रतिवेदन कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव को दिया। उक्त प्रतिवेदन के आधार पर एसडीएम ने महिला पटवारी को निलंबित किया है। निलंबन आदेश में यह उल्लेख है कि पटवारी मीना कुशवाह ग्राम चंदौरिया द्वारा नामांतरण के प्रकरण में पैसा का आडियो में कह रही हैं, आधा वहां जाता है आधा यहां रहता है...लेन-देन किया जा रहा है।

इस संबंध में ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पटवारी द्वारा पैसों के लेनदेन की बात की गई है। मीना कुशवाह की इस प्रकार की शिकायत पूर्व में भी प्राप्त हुई है। जिससे प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। अतः तहसीलदार कोलारस के प्रतिवेदन से सहमत होते हुए, मप्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के उपनियम 9 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मीना कुशवाह ग्राम चंदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय कोलारस रहेगा तथा इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

जो ऑडियो  प्रसारित हुआ है उसके आधार पर महिला पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। इनकी पूर्व में भी कई शिकायतें सामने आई है। पटवारी की विभागीय जांच भी कराई जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
अनूप श्रीवास्तव, एसडीएम कोलारस