RTE, निजी स्कूलों में फ्री एडमिशन के लिए 13 मार्च से बज जाएगी घंटी, पढिए नियमो से भरी खबर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ने के लिए लिए शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश की प्रक्रिया फिर शुरू होने जा रही है। सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन 13 मार्च से प्रारंभ होंगे। अभिभावक 28 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। पात्र बच्चों का चयन 2 अप्रैल को ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

आरटीई योजना ऐसे परिवारों के लिए उम्मीद की किरण है, जो आर्थिक कारणों से अपने बच्चों को निजी स्कूलों में नहीं पढ़ा पाते। इस योजना के तहत निजी स्कूलों की प्रारंभिक कक्षाओं में कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए सीटें आरक्षित रहती हैं। चयनित विद्यार्थियों को स्कूल में पूरी तरह निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा का अवसर मिल पाता है और वे मुख्यधारा की पढ़ाई से जुड़ पाते हैं।

2024-25 के सत्र में आरटीई में प्रवेश लेने वाले छात्रों की स्थिति
जिला शिक्षा केंद्र के एपीसी उमेश कारे ने बताया कि शिवपुरी जिले के 322 स्कूलों के लिए 1438 सीट आवंटित हुई थीं।जिनमें से 1219 का आवंटन हो सका था। इसके लिए 2055 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था और 1775 का सत्यापन हुआ था। प्रवेश की प्रक्रिया 2 जून से 10 जून 2025 तक हुई थी। इस बार यह प्रक्रिया समय पर आरंभ हो गई है। इसलिए माना जा रहा है कि जैसे ही 9 मार्च को रिक्त सीटों का आवंटन होगा वैसे ही आरक्षित सीटों की जानकारी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मिल जाएगी।

9 मार्च से दिखने लगेंगी रिक्त सीटें
शिक्षा विभाग द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार 9 मार्च से आरटीई पोर्टल पर मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों और उनमें उपलब्ध सीटों की जानकारी प्रदर्शित कर दी जाएगी। इसके बाद पात्र अभिभावक 13 मार्च से 28 मार्च के बीच ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करते समय पात्रता से संबंधित कोई एक आवश्यक दस्तावेज भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इस बार आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के लिए त्रुटि-सुधार की सुविधा भी दी गई है। आवेदन करने के बाद अभिभावक निर्धारित अवधि में अपनी जानकारी में सुधार कर सकेंगे।

ऐसे बढ़ेगी प्रक्रिया आगे
1. डीपीसी दफेदार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया 2 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।

2. इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को आवंटित स्कूल की जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। चयन सूची आरटीई पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी।

3. 14 से 30 मार्च तक दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित संकुल केंद्र वाले स्कूल में अधिकृत अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इसमें आवेदक की श्रेणी, निवास और अन्य पात्रता से जुड़े दस्तावेजों का मूल प्रमाण पत्रों से मिलान किया जाएगा।

4. लॉटरी के बाद दस्तावेजी कमी के कारण प्रवेश निरस्त होने की संभावना कम होगी। 5. प्रवेश प्रक्रिया में आयु- नर्सरी, केजी-1 और केजी-2 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 3 वर्ष से 4 वर्ष 6 माह तक निर्धारित है। जबकि कक्षा 1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष से अधिक और अधिकतम 7 वर्ष 6 माह तय है।

इनका कहना हैं
आरटीई के तहत प्रवेश के लिए गाइडलाइन जारी हो चुकी है और इस संबंध में जिले के सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ निजी स्कूल संचालकों को भी अवगत करा दिया गया है। ऐसे अभिभावक जो अपने बच्चों को अपने घर के आसपास के मनचाहे स्कूलों में अध्ययन करना चाहते हैं तो फिर इस प्रक्रिया के तहत उन्हें प्रवेश मिल सकेगा। जिले को कितनी सीटें आवंटित हुई है इसकी जानकारी हम 9 मार्च के बाद दे सकेंगे।
दफेदार सिंह सिकरवार, डीपी सी शिवपुरी