बैराड़ में लेडी गैंग का कारनामा, मां अंबे ज्वेलर्स में चोरी, पुलिस तलाश रही चोरिनियो क

Adhiraj Awasthi

बैराड। शिवपुरी जिले के पोहरी विधानसभा के बैराड नगर में एक कहावत सिद्ध हो गई,सावधानी हटी दुर्घटना घटी। बैराड़ में मोहना-पोहरी रोड स्थित मां अंबे ज्वेलर्स पर दोपहर के समय दो ऐसी महिला ग्राहक आईं, उन्होंने अपनी शातिर चाल से अनुभवी दुकानदार को भी मात दे दी। महज एक फोन कॉल के दौरान हुई चंद सेकंड की लापरवाही ने दुकानदार को लाखो का चूना लगा दिया।

बच्चे को ढाल बनाकर आईं मायावी महिलाएं
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे का समय था। दुकान संचालक महावीर प्रसाद गुप्ता अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी एक छोटे बच्चे को गोद में लिए दो महिलाएं जिनमे से एक की उम्र 55 साल और दूसरी की उम्र 30 साल थी वह ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुईं। उन्होंने बड़े ही सलीके से सोने के टॉप्स दिखाने की मांग की। दुकानदार उन्हें अलग-अलग डिजाइन दिखाने में व्यस्त हो गया।

एक रिंग बजी और खेल हो गया
जब दुकानदार टॉप्स के डिब्बे काउंटर पर रखकर डिजाइन दिखा रहा था, तभी उसके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल जरूरी समझकर दुकानदार फोन पर बात करने लगा और उसका ध्यान गहनों से हटकर बातचीत पर केंद्रित हो गया। बस, इसी सुनहरे मौके की तलाश में बैठीं महिलाओं ने बिजली जैसी फुर्ती दिखाई। जब तक दुकानदार कॉल काटता, महिलाएं बड़ी सफाई से दो जोड़ी सोने के टॉप्स (वजन करीब 8 ग्राम) अपनी साड़ी के पल्लू में छिपा चुकी थीं।

CCTV ने खोला राज, कैमरे में कैद हुई हाथ की सफाई
महिलाओं के जाने के कुछ देर बाद जब महावीर प्रसाद ने सामान समेटना शुरू किया, तो उनके होश उड़ गए। स्टॉक का मिलान करने पर दो जोड़ी टॉप्स कम मिले। तुरंत दुकान में लगे CCTV फुटेज खंगाले गए। कैमरे की फुटेज देखकर हर कोई दंग रह गया; उसमें साफ दिख रहा है कि कैसे दुकानदार के फोन पर बात करते ही दोनों महिलाओं ने बड़ी चालाकी से गहने पार कर दिए।

व्यापारियों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
दिनदहाड़े मुख्य मार्केट में हुई इस चोरी ने बैराड़ के अन्य व्यापारियों की भी नींद उड़ा दी है। पीड़ित दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बैराड़ पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और महिलाओं की पहचान के लिए हुलिए के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि यह किसी शातिर गिरोह का काम हो सकता है जो भीड़ भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को भेजकर ऐसी वारदातों को अंजाम देता है।