शिवपुरी तक पहुंची इजरायल-ईरान युद्ध की मार, कमर्शियल गैस की सप्लाई बंद, यह संकट आ सकता है

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। इजराइल और ईरान के बीच चल रहे भीषण युद्ध का साइड इफेक्ट अब शिवपुरी के चूल्हों तक आ पहुंचा है। तेल कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर लगाई गई अघोषित रोक ने शहर के होटल, ढाबा और कैटरिंग कारोबार की कमर तोड़ दी है। आलम यह है कि शादियों के इस सीजन में हलवाइयों के कड़ाहे ठंडे होने की कगार पर हैं, तो वहीं घरेलू गैस की किल्लत ने आम आदमी के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। अगर यही स्थिति रही, तो आने वाले दिनों में न तो होटलों में खाना मिलेगा और न ही शादी वाले घरों में मंगल गान के बीच मेहमानों को भोजन नसीब होगा।

इस युद्ध का असर अब भारत में भी नजर आने लगा है। तेल कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर लगी अघोषित रोक ने अब आम लोगों से लेकर कारोबारियों तक की चिंता बढ़ा दी है। तेल कंपनियों द्वारा एजेंसियों को नए आर्डर नहीं लेने के निर्देश दिए जाने के बाद सबसे ज्यादा असर होटल-रेस्टोरेंट, ढाबों और केटरिंग व्यवसाय पर देखने को मिल रहा है।

खासतौर पर शादी-विवाह के सीजन में हलवाई और कैटरिंग संचालकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती खाना बनाने की व्यवस्था को लेकर खड़ी हो गई है। कई कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो शादी समारोहों की तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है। इसी मुद्दे पर जब कैटरिंग संचालकों, हलवाई और ढाबा संचालकों से बात की गई तो उन्होंने अपनी चिंता और मुश्किलें खुलकर साझा की।

छोटे व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से कामकाज पर असर पड़ रहा है. उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है ताकि कारोबार सामान्य रूप से चल सके और शादी समारोहों में भी किसी तरह की परेशानी न हो।

घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई भी आधी
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई भी आधी कर दी है। इसके अलावा पहले जो घरेलू गैस सिलेंडर 16 दिन में बुक हाे जाते थे, अब उनकी बुकिंग की समयावधि भी अब बढ़ा दी गई है। वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडर की रेट भी बढ़ा दी है। ऐसे हालातों में घरों में भी गैस की किल्लत आ रही है।

यह घातक परिणाम सामने आ सकते हैं।
अगर जल्द ही सप्लाई बहाल नहीं तो होटल-ढाबों पर नो फूड बोर्ड: गैस के अभाव में छोटे रेस्टोरेंट और ढाबे बंद हो जाएंगे, जिससे बाहर खाना खाने वालों को भटकना पड़ेगा। शादी वाले घरों में अफरा-तफरी का माहौल बन सकता है। वही गर्मियों के दिनों में सामूहिक सम्मेलन साथ में किसानों की फसल कटने के बाद वह गर्मियों में शादी समारोह अधिक रहते है। शादी समारोहों में सैकड़ों मेहमानों का खाना बनाना नामुमकिन हो जाएगा। कैटरिंग संचालक हाथ खड़े कर सकते हैं, जिससे उत्सव का मजा किरकिरा होगा। कालाबाजारी के कारण खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छूने लगेंगे। एक थाली की कीमत दोगुनी हो सकती है। विवश होकर लोग फिर से धुएं वाले चूल्हों (लकड़ी/कोयले) की ओर लौटेंगे, जिससे पर्यावरण और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा। होटलों और कैटरिंग में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों और वेटरों का रोजगार छिन सकता है।


बाजार में बढ़ी कालाबाजारी
एक होटल कारोबारी ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि बाजार में कालाबाजारी की स्थिति भी बन रही है। उसके अनुसार आज वह जब गैस एजेंसी पर पहुंचा तो उसका सिलेंडर बुक नहीं किया गया। जब वह काम चलाने के लिए किसी के घर से सिलेंडर लेकर आया तो उसके द्वारा भी एक सिलेंडर के 1500 रुपये लिए गए। कई छोटे होटल और ढाबे गैस नहीं मिलने के कारण बंद होने की स्थिति पर आने लगे हैं। होटल व रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि कमर्शियल गैस की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापार और लोगों की आजीविका प्रभावित न हो।

इनका कहना है
गैस कंपनियों ने कामर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पिछले कुछ दिनों से बंद कर दी है। ऐसे में उपभोक्ताओं को कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई भी बंद कर दी गई है। यह सप्लाई कब तक बहाल होगी इसके बारे में अभी कुछ भी कहना मुमकिन नहीं है।
राकेश शर्मा,गंगाजल गैस एजेंसी

कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग इसलिए नहीं ली जा रही क्योंकि सप्लाई ही बंद कर दी गई है। घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई भी आधी कर दी गई है। इसके अलावा पहले जो सिलेंडर 16 दिन में बुक हो जाता था वह अब 25 दिन में बुक हो रहा है। इससे उपभोक्ताओं को भी परेशानी बढ़ी है।
गोलू,ईश्वर इंडेन गैस एजेंसी

ये बोले होटल संचालक
अभी तक तो गैस सिलेंडर आसानी मिल रहे हैं, लेकिन जिस तरह से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद की गई है, उससे निश्चित ही आने वाले दिन में परेशानी आ जाएगी और काम प्रभावित होगा,संजीव भटेले संचालक कृष्णा होटल

गैस सिलेंडर न मिलने से दिक्कत आना शुरू हुई है। आज मुझे गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया। फिलहाल तो व्यवस्था हो गई, लेकिन आने वाले दिनों में सिलेंडर नहीं मिला तो परेशानी बढ़ना तय है।
ध्रुव शर्मा,संचालक सांवरिया दाल टिक्कड़